महिला ने किराया एडवांस देने से मना किया तो दलाल ने साथियों से मिल किया दुष्कर्म

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 12:47 PM (IST)

साहनेवाल/कोहाड़ा(जगरूप): कमरा किराए पर लेने गई महिला के साथ कमरा दिलाने वाले एक दलाल द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है, जिसके बाद थाना कूमकलां की पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज करने के बाद दलाल व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दलाल को गिरफ्तार किया है। 

थाना कूमकलां के प्रभारी सब इंस्पैक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि ईश्वर कालोनी, ढंडारी खुर्द, लुधियाना की रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि उसने कमरा किराए पर लेना था। गत 7 फरवरी को वह गांव मानगढ़ गई जहां उसे एक कमरा पसंद आ गया, जिसके बाद एक महिला ने समीप ही ढाबे पर एक राजू नाम के व्यक्ति से मिलवाया जिसने उक्त कमरा किराए पर दिलवाना था। जब 2 दिन बाद 9 फरवरी की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह राजू को साहनेवाल चौक में मिली तो उसने कमरे का किराया एडवांस में देने को कहा। 

उसके मना करने पर दलाल ने साथियों के साथ मिल कर उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित महिला उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने छापेमारी करते हुए राजू को गिरफ्तार कर उसके अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है। 

Vaneet