एक ही रात 4 मंदिरों में चोरी, जूते उतारकर मंदिर में घुसा चोर, माथा टेकने के बाद उड़ाई नकदी
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 05:19 PM (IST)
गुरदासपुर ( हरजिंदर गोराया) : गुरदासपुर के पंडोरी रोड स्थित गांव कृष्णा नगर और जट्टूवाल के कुल चार मंदिरों को एक ही रात एक चोर ने निशाना बनाया। चोर ने चारों मंदिरों की गोलकों के ताले तोड़कर उनमें रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर ने गांव कृष्णा नगर के तीन मंदिरों में चोरी की, जबकि जट्टूवाल के एक मंदिर को भी निशाना बनाया।
पूरी घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें चोर कंधे पर बैग लेकर आता दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह मंदिरों के दरवाजे और गोलकों के ताले बैग में लाए गए औजारों से तोड़ता भी नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, मंदिर में घुसने से पहले चोर ने जूते उतारे, श्रद्धा से माथा टेका और चोरी करने के बाद भी माथा टेककर बाहर निकलता CCTV में दिखाई दिया। घटना की गांववासियों ने कड़ी निंदा की है और पुलिस से मांग की है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
जट्टूवाल मंदिर के पुजारी नरेंद्र कुमार शर्मा और गांव कृष्णा नगर के सरपंच राकेश कुमार समेत गांववासी गोवर्धन शर्मा ने बताया कि CCTV के अनुसार चोरी रात करीब 2 बजे हुई। पहले गली के कैमरे में चोर कंधे पर बैग लेकर आता दिखाई दिया, फिर मंदिर में ताले तोड़कर घुसता और बैग में लाए औजारों से गोलकों के ताले तोड़ता नजर आया।
चोर ने कृष्णा नगर के राधा-कृष्ण मंदिर, शिव मंदिर और जठेरों के मंदिर में चोरी की, जबकि जट्टूवाल के शिव मंदिर को भी निशाना बनाया। अनुमान है कि चारों मंदिरों की गोलकों से करीब 60 से 70 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है।
चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। गांववासियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले ऐसे चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।


