तरनतारन धमाके के तार Pak से जुड़ने की आशंका, 100 से ज्यादा लोग राऊंडअप

punjabkesari.in Saturday, Sep 07, 2019 - 08:28 AM (IST)

तरनतारन(रमन): गांव पंडोरी गोला में बुधवार रात खाली प्लाट में हाई एक्सप्लोसिव पदार्थ से हुए धमाके से करीब 3 फुट गहरा गड्ढा बन गया था। मौके पर मारे गए बिक्कर सिंह और हरप्रीत सिंह के शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिए गए,जिनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं जख्मी गुरजंट सिंह और उसकी माता से एस.एस.पी. ने पूछताछ की है। धमाके के तार पाकिस्तान से जुड़े होने के शक में भारत की अलग-अलग खुफिया एजैंसियां इस आतंकी वारदात को अंजाम देने वाले सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

स्मार्ट फोन की कालों की जांच में जुटी खुफिया एजैंसियां

खुफिया एजैंसियां मौके से बरामद स्मार्ट फोन की कालों को जांच रही हैं।  पुलिस ने 2 दिनों में 100 से ज्यादा लोगों को राऊंडअप किया है। दिल्ली से पहुंची एन.एस.जी. की टीम ने मौके से कुछ प्लास्टिक की बोतलें और एक घड़ी बरामद की है। इससे शक जताया जा रहा है बोतल बम बनाने को जमीन से विस्फोटक पदार्थ निकालने  के  समय धमाका हो गया।


गुरजंट को अस्पताल छोड़ परिवार सहित फरार हो गया था मास्टरमाइंड हरजीत 

इस घटना के मास्टरमाइंड अमृतधारी हरजीत सिंह निवासी पंडोरी गोला का घर धमाके वाली जगह से करीब 100 गज दूर है। इसका पिता हरदेव सिंह फौज और ग्रामीण बैंक से रिटायर्ड है। हरजीत सिंह का संबंध कुछ गर्म ख्याली लोगों से है। पूरा परिवार अमृतधारी  है। घर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश भी किया गया है। घटना से पहले उसी दिन हरजीत सिंह से कुछ लोग मिलने आए थे और मीटिंग की गई थी। रात करीब 8.30 बजे धमाके के बाद वहां रहते लोगों ने समझा निकट के गैस गोदाम में सिलैंडर फटा है। जख्मी गुरजंट सिंह को जब दिखना बंद हो गया तो उसने हरजीत सिंह को पुकारा। उसने अपने पिता के साथ गुरजंट को अस्पताल ले जाने के लिए गांव के ही मनप्रीत सिंह मन्ना की कार मांगी। इसके बाद हरजीत सिंह घर लौटा और मृतकों की सूचना मिलने पर घर से बाहर आकर रोने लगा। फिर पुलिस के डर से पत्नी, 2 साल की बेटी और एक बहन के साथ गाड़ी में भागा पर रास्ते में पैट्रोल खत्म होने पर गांव कंग के मुख्तयार सिंह (50) को रात 2 बजे फोन कर पैट्रोल मांगा। मुख्तयार ने अपने मोटरसाइकिल से बोतल में तेल निकाल उसे दिया। इस पर पुलिस ने मुख्तयार सिंह को हिरासत में ले लिया है, लेकिन हैरानी की बात है कि पुलिस ने हरजीत सिंह के घर के बाहर कोई पहरा नहीं लगाया है।

अस्पताल में वार्ड के बाहर पहरा
गुरु नानक अस्पताल के सर्जीकल वार्ड में भर्ती गुरजंट सिंह के वार्ड के बाहर पुलिस ने कड़ा पहरा लगाया है और किसी को भी उससे मिलने नहीं दिया जा रहा है। गुरजंट सिंह के गर्म ख्यालियों से संबंध थे। उसकी हरजीत सिंह से दोस्ती थी।

swetha