बठिंडा में चोरों का आतंक: परिवार को बेहोश कर उड़ाया लाखों  का माल, दिनदहाड़े गीजर और वर्ना कार भी चोरी

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 05:20 PM (IST)

बठिंडा (विजय): महानगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की तीन वारदातें सामने आने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। सबसे सनसनीखेज घटना रामबाग रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने एक परिवार को कथित रूप से बेहोश कर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, बसंत विहार क्षेत्र से एक वर्ना कार चोरी हो गई, जबकि अजीत रोड पर दिनदहाड़े एक युवक घर में घुसकर गीजर उखाड़ ले गया। एक ही दिन में हुई तीन चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।  पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जानकारी अनुसार रामबाग रोड स्थित एक मकान में रहने वाला परिवार शनिवार रात कूलर चलाकर सो रहा था। सुबह करीब छह बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब डेढ़ तोला सोना, आधा किलो चांदी, 12 से 13 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। परिवार का आरोप है कि चोरों ने कूलर में कोई बेहोशी वाला पदार्थ डाल दिया था, जिससे घर के सभी सदस्य गहरी नींद में चले गए। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली। यहां तक कि फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर भी पिया, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे काफी देर तक घर के भीतर मौजूद रहे।

दूसरी घटना बसंत विहार इलाके में हुई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी वर्ना कार रोज की तरह घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठने पर कार गायब मिली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों का सुराग लगाया जा सके। तीसरी वारदात अजीत रोड की गली नंबर-20 में रविवार शाम करीब चार बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक मकान का गेट फांदकर अंदर दाखिल हुआ और छत पर जाकर चोरी की नीयत से सामान तलाशने लगा। जब उसे कोई कीमती सामान नहीं मिला तो वह बाथरूम में पहुंचा और वहां लगा गीजर उखाडक़र फरार हो गया। पूरी घटना दिनदहाड़े होने से इलाके के लोग हैरान हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News