आयुष्मान आरोग्य केंद्र में चोरों का धावा, CCTV खंगाल रही पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 10:35 AM (IST)

लुधियाना (राज) : महानगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम घरों और दुकानों के साथ-साथ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को भी निशाना बनाने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला गांव काकोवाल से सामने आया है, जहां चोरों ने एक आयुष्मान आरोग्य केंद्र (हेल्थ सेंटर) को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर केंद्र में लगे तीन एयर कंडीशनर (AC) की कीमती तारें और तांबे की पाइपें काटकर चोरी कर ले गए। घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब केंद्र के मेडिकल अफसर ड्यूटी पर पहुंचे। सूचना मिलते ही जोदेवाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में मेडिकल अफसर डॉक्टर प्रीतपाल सिंह ने बताया कि वह गांव काकोवाल (लुधियाना) स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में बतौर मेडिकल अफसर तैनात हैं। रोजाना की तरह वह 15 जून को क्लीनिक के समय के बाद केंद्र को अच्छी तरह से लॉक करके अपने घर चले गए थे। क्लीनिक के कमरों में मरीजों और स्टाफ की सुविधा के लिए 3 AC लगे हुए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह अगले दिन यानी 16 जून की सुबह करीब 8:00 बजे ड्यूटी पर आए और उन्होंने क्लीनिक का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देख वह हैरान रह गए। केंद्र में लगे तीनों AC बंद पड़े थे और जब बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि कोई अज्ञात शातिर चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर केंद्र के अंदर या बाहरी हिस्से में दाखिल हुआ था। चोरों ने बड़ी चालाकी से तीनों AC की कीमती बिजली की तारें और गैस सप्लाई वाली तांबे की पाइपें काट दी थीं और उन्हें समेट कर मौके से रफूचक्कर हो गए।

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी की इस वारदात के बाद मेडिकल अफसर द्वारा तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों का सुराग लगाने के लिए आरोग्य केंद्र और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शातिर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News