चोरों ने रातों-रात नई बिल्डिंग को बनाया निशाना, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 01:08 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन, हरजिंदर सिंह गोराया): शहर की मशहूर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान अजे टीवी सेंटर के मालिक द्वारा बनवाई जा रही नई इमारत में बीती रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित ढंग से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इमारत की तीनों मंजिलों पर आराम से काम करते हुए एयर कंडीशनरों के लिए लगाई गई करीब 15 कॉपर पाइपें और वायरिंग को उखाड़ कर अंदर से तार ही चोरी कर लिए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मालिक को लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

इमारत के मालिक पंकज महाजन ने बताया कि चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से चोरी की है और किसी भी ताले को नहीं तोड़ा गया। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर पास की किसी इमारत से छत के रास्ते या फिर लिफ्ट के लिए छोड़ी गई खाली जगह के जरिए अंदर दाखिल हुए होंगे। तीनों मंजिलों पर लगी वायरिंग को उखाड़ कर तार निकालना इस बात की ओर इशारा करता है कि चोरों ने काफी समय लगाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि जिस इमारत में चोरी हुई है, उसके पास ही एक बड़ा बैंक और उसका एटीएम भी स्थित है, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में चिंता का माहौल है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

