मुश्किलों में घिरा पंजाब का ये कांग्रेसी विधायक, जानें क्या है मामला

punjabkesari.in Monday, Dec 05, 2022 - 08:49 AM (IST)

अमृतसर(इन्द्रजीत): भगवंत मान की सरकार में कांग्रेसियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। नई सरकार आने के उपरांत कई नामवर कांग्रेसी व विपक्षी राजनीतिज्ञों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए उनकी इंक्वायरी खोल दी गई है। 

अब बीते दिन इसी कड़ी में गुरदासपुर के कांग्रेसी विधायक बरिंदर मीत सिंह पाहड़ा को भी विजीलैंस विभाग ने तलब कर लिया है। मंगलवार 6 दिसम्बर को वह विजीलैंस कार्यालय गुरदासपुर में सुबह 10 बजे डी.एस.पी. के समक्ष पेश होंगे। विजीलैंस ब्यूरो ने मिली शिकायत के आधार पर गुरदासपुर के विधायक पाहड़ा पर शिकंजा कसते हुए उन्हें विजीलैंस कार्यालय में तलब किया है। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल में अपनी सत्ता का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी के आधार पर विजीलैंस ने उन्हें अपना पक्ष देने के लिए बुलाया है।

उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह माझा जोन के वरिष्ठ कांग्रेसी राजनीतिज्ञ एवं पूर्व-उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी पर भी विजीलैंस ब्यूरो ने शिकंजा कसा हुआ है। इस दौरान उन्हें बीते सप्ताह ब्यूरो कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था। ओ.पी. सोनी के खिलाफ लगे आरोपों के आधार पर विजीलैंस ब्यूरो द्वारा उन्हें 35 सवालों की एक प्रश्न-सूची दी गई थी। इसके लिए उन्हें 7 दिन का समय दिया गया था ताकि वह इसके जवाब के उपरांत सच और झूठ का आंकलन कर सकें। सूचना के मुताबिक ओ.पी. सोनी मंगलवार 6 दिसम्बर को सुबह विजीलैंस ब्यूरो के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे। उधर, इसी दिन कांग्रेसी विधायक बरिंदरमीत सिंह भी पेश होंगे। अमृतसर में ओ.पी. सोनी विजीलैंस ब्यूरो के एस.एस.पी. वरिंदर सिंह संधू के समक्ष पेश होंगे, वहीं उसी दिन विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा डी.एस.पी. विजीलैंस गुरदासपुर निर्मल सिंह के कार्यालय में पहुंचेंगे।गुरदासपुर के विधायक पाहड़ा भी ताकतवर और व्यापक जनाधार वाले कांग्रेसी नेता हैं। आम आदमी पार्टी के पक्ष में इन चुनावों में वोटरों की आंधी के बावजूद पाहड़ा ‘आप’ उम्मीदवार के समक्ष विजेता रहे थे।

Content Writer

Vatika