CM Mann की पहली पसंद बना यह स्थल, 3 माह में तीसरी बार करेंगे रात्रि विश्राम

punjabkesari.in Friday, Dec 29, 2023 - 04:58 PM (IST)

होशियारपुर (राजेश जैन): शिवालिक की पहाड़ियों की तलहटी पर होशियारपुर-चिंतपूर्णी रोड पर गांव चौहाल के नजदीक फॉरेस्ट रैस्ट हाऊस काम्पलैक्स में विकसित किया गया नेचर रिट्रीट चौहाल मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहली पसंद बन गया है। खास बात है कि मुख्यमंत्री पिछले 3 माह के दौरान आज यानी शुक्रवार को तीसरी बार नेचर रिट्रीट में तैयार की गई अत्याधुनिक हट्स में रात्रि विश्राम का आनंद लेंगे। फॉरेस्ट नॉर्थ सर्कल के कंजर्वेटर डा. संजीव तिवाड़ी आई.एफ.एस. तथा डी.एफ.ओ नलिन यादव आई.एफ.एस. की देखरेख में तैयार किए गए नेचर रिट्रीट चौहाल में पहले ही एक आलीशान रैस्ट हाऊस है। हाल ही में यहां 2 हट्स तैयार की गई हैं।

डा. तिवाड़ी के अनुसार मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इच्छा जाहिर की है कि यहां 2-3 और हट्स विकसित की जाएं ताकि नेचर रिट्रीट सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण बन सके। नेचर रिट्रीट में विकसित किए गए साडा पिंड में मुख्यमंत्री मान साग-मक्की की रोटी आदि स्वादिष्ट व्यंजनों का भी खूब आनंद लेते हैं। इसके अलावा यहां जंगल सफारी, वोटिंग तथा नेचर ट्रेल की भी व्यवस्था है। सुबह उठकर पहाड़ियों में टहलना भी मुख्यमंत्री मान को बेहद अच्छा लगता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान होशियारपुर के इर्द-गिर्द पहाड़ी इलाकों में विभिन्न लोकेशंज पर टूरिस्ट स्पॉट विकसित करने में गहरी दिलचस्पी ले रहे हैं। डा. तिवाड़ी के अनुसार थाना डैम पर भी 3 हट्स विकसित की गई हैं तथा डैम में शिकारे की सैर की भी व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त मैली, नारा व सलेरन डैम के अलावा तलवाड़ा स्थित हवा महल काम्पलैक्स में भी ऐसे टरिस्ट स्पॉट तेजी से विकसित किए जा रहे हैं। 

Content Editor

Subhash Kapoor