पराली जलाने वाले सावधान! अब सैटेलाइट रखेगा हर रिकॉर्ड, पंजाब समेत 4 राज्यों में शुरू हुई हाईटेक निगरानी

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 10:25 AM (IST)

चंडीगढ़ (अर्चना): पराली जलाने की घटनाओं की अब केवल गिनती ही नहीं होगी बल्कि यह भी पता चलेगा कि आग कहां लगी, किस समय लगी और कितने क्षेत्र में पराली जलाई गई। पर्यावरण थिंक-टैंक आईफॉरैस्ट ने मल्टी-सैटेलाइट डैशबोर्ड ‘फायर वॉच’ लॉन्च किया। पहले चरण में इसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को शामिल किया गया है।

इस डैशबोर्ड के माध्यम से हर 15 मिनट में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जाएगी। इससे यह भी पता चल सकेगा कि दिन के किस समय सबसे अधिक पराली जलाई जाती है। हाई-रिजोल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों की मदद से जले हुए खेतों के कुल क्षेत्रफल का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा।

आईफॉरैस्ट के सी.ई.ओ. डा. चंद्र भूषण ने कहा कि अब तक निगरानी मुख्य रूप से आग की घटनाओं की गिनती पर निर्भर रही है, जिससे पूरी तस्वीर सामने नहीं आती। ‘फायर वॉच’ यह जानकारी देगा कि आग कहां लगी, कब लगी और कितनी जमीन प्रभावित हुई। इससे आंकड़ों को व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखने और नीति-निर्माताओं तथा आम लोगों तक सटीक जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

डैशबोर्ड पर इंटरैक्टिव नक्शे, चार्ट और विभिन्न फिल्टर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा पराली जलाने की घटनाओं पर हर सप्ताह बुलेटिन भी प्रकाशित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में लक्षित कार्रवाई को बढ़ावा देना और वायु प्रदूषण तथा मिट्टी के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में मदद करना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News