मनु सूरी पर हमला करने वालों ने मोहाली में मनाया बर्थडे, Facebook पर पुलिस को दी खुली चुनौती

punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 03:54 PM (IST)

जालंधर: कुछ दिन पहले रेलवे स्टेशन के नजदीक कांग्रेसी नेता के करीबी मनु सूरी पर जानलेवा हमला करने वालों पर पुलिस की मेहरबानी की पोल अब खुल गई है। बताने योग्य है कि इस मामले में पुलिस जिन आरोपियों की तलाश करने की बात कह रही है, वह मोहाली में ना सिर्फ जन्मदिन की पार्टी कर रहे हैं बल्कि साथ ही फेसबुक पर लाइव होकर तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। इसके साथ ही आरोपियों ने फेसबुक पर पुलिस को चुनौती भी दी है कि सजा मंजूर है झुकना नहीं।

तस्वीरों को देख कर पुलिस के इस सुस्त रवईए से साफ जाहिर हो रहा है कि आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस किस हद तक गंभीर है। पुलिस रिकॉर्ड मुताबिक उक्त आरोपी हत्या की कोशिश करने के मामले में फरार चल रहे हैं परन्तु पुलिस ने उनकी फेसबुक टाइमलाइन को ट्रेस करना जरूरी नहीं समझा। गौरतलब है कि 19 नवंबर को रेलवे स्टेशन के नजदीक कांगड़ा ढाबे के बाहर मनु सूरी पर जानलेवा हमला किया गया था। मनु सूरी ने एक दुकान में छिपकर अपनी जान बचाई थी। इस मामले में कई दिन बीत जाने के बावजूद भी मुख्य आरोपी गौरव शर्मा उर्फ नॉनी शर्मा और पारस अरोड़ा समेत अन्य आरोपियों को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं सकी है। 

फेसबुक पर लाइव होकर मनाया जन्मदिन और दी पुलिस को चुनौती 
28 नवंबर को फेसबुक पर लाइव होकर मोहाली के होटल बर्यू ब्रदर में मुख्य आरोपी पारस अरोड़ा का जन्मदिन मनाया गया। यहां पारस अरोड़ा और नॉनी शर्मा दोनों मौजूद थे। जन्मदिन की पार्टी की तस्वीरें और वीडियो नॉनी शर्मा ने अपनी फेसबुक आई.डी. पर पोस्ट की हैं, जिसमें उसने आरोपी पारस अरोड़ा को भी टैग किया है। इसके साथ ही पुलिस को चुनौती देते हुए उक्त पोस्ट पर लिखा कि सजा मंजूर है परन्तु झुकना कबूल नहीं। 

थाना नंबर तीन के एस.एच.ओ. रशमिन्दर ने झाड़ा पल्ला 
उक्त मामले में थाना नंबर तीन के एस.एच.ओ. रशमिन्दर सिंह ने यह कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया कि उक्त आरोपियों ने फेसबुक पर पोस्ट पाई है। साइबर सेल इस पर नजर रखता है ना कि यह उनका काम है कि वह सोशल साइट्स पर आरोपियों पर नजर रखे। साथ ही उन्होंने कहा कि मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Vaneet