खुले मैदान में मिले एक्सपायरी Amul दूध के हजारों पैकेट! पूरे गांव में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 01:59 PM (IST)

जीरकपुर: जीरकपुर के नगला क्षेत्र में सुशमा सोसायटी के पास खुले मैदान में एक्सपायरी अमूल दूध के हजारों पैकेट फेंके मिलने का मामला सामने आया है। मौके पर दूध से भरे पैकेटों के साथ-साथ सैकड़ों खाली पैकेट भी पड़े मिले। पैकेटों पर अंकित जानकारी के अनुसार दूध की एक्सपायरी 8 जून को ही हो चुकी थी। अब इन पैकेटों से दुर्गंध आनी शुरू हो गई है। गांव नगला के निवासी निक्का सिंह, मनदीप सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि गुरुवार शाम तक मैदान में दूध के पैकेट नहीं थे, लेकिन शुक्रवार सुबह वहां हजारों पैकेट बिखरे पड़े मिले।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि सैकड़ों खाली पैकेटों में मौजूद दूध आखिर कहां गया। लोगों ने आशंका जताई कि कहीं एक्सपायरी दूध का इस्तेमाल पनीर या अन्य डेयरी उत्पाद बनाने में तो नहीं किया गया। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या ठोस सबूत सामने नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसा हुआ है तो यह लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो सकता है।

खुले मैदान में पड़े एक्सपायरी दूध के कारण इलाके में दुर्गंध फैलने लगी है। साथ ही मक्खियों, कीड़ों और आवारा पशुओं की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि दूध के पैकेटों को तुरंत वहां से हटाया जाए और इस पूरे मामले की जांच की जाए कि इतनी बड़ी खेप वहां किसने फेंकी तथा खाली पैकेटों में मौजूद दूध कहां गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika