पंजाब के हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, शुरू हुआ ये Project

punjabkesari.in Wednesday, Jan 25, 2023 - 09:26 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी, धवन): टाटा स्टील ने लुधियाना में पहले पड़ाव में 2600 करोड़ रुपए के निवेश के साथ स्क्रैप आधारित अपना स्टील प्लांट स्थापित करने के लिए काम शुरू कर दिया है।  मुंबई में टाटा ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरूआत है और वह दिन दूर नहीं जब हम पंजाब को औद्योगिक विकास में देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने इस प्रतिष्ठित प्रोजैक्ट पर काम शुरू करने के लिए टाटा ग्रुप को बधाई देते हुए इस प्रोजैक्ट में उनको पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजैक्ट राज्य में इस विश्व प्रसिद्ध कंपनी की तरफ से किया गया पहला निवेश है और जमशेदपुर के बाद देश में किया दूसरा सबसे बड़ा निवेश है।  भगवंत मान ने आशा अभिव्यक्त की कि इस बड़े औद्योगिक समूह की तरफ से किया निवेश राज्य को औद्योगिक विकास के नए रास्ते पर पहुंचा देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए राह खोलेगा।

पहले कागजों तक ही सीमित था यह समझौता
मुख्यमंत्री ने इस पहलकदमी को ‘नए युग की शुरूआत’ बताया क्योंकि पहले यह समझौता सिर्फ कागजों तक ही सीमित था जबकि राज्य की तरक्की को बढ़ावा देने की दिशा की ओर अब जमीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है। 

115 एकड़ में लगेगा प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा ग्रुप लुधियाना में स्थापित किए जाने वाले प्रोजैक्ट के पहले पड़ाव में लगभग 2600 करोड़ का निवेश कर रहा है जो पंजाब सरकार के हाई-टैक वैली इंडस्ट्रीयल पार्क के साथ लगता है। यह प्रतिष्ठित प्रोजैक्ट राज्य में औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए मील पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलैक्ट्रिक आरक भट्टी आधारित प्लांट 0.75 एम.टी.पी.ए. तैयार स्टील  का  उत्पादन  करेगा और स्टील बनाने की प्रक्रिया के लिए कच्चा माल 100 प्रतिशत स्क्रैप होगा। मान ने बताया कि यह प्लांट पी.एस.आई.ई.सी. द्वारा विकसित किए गए अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क के साथ लगती 115 एकड़ में फैला होगा। 

Content Writer

Vatika