नवजोत सिंह सिद्धू की जान को खतरा, मिली जेड प्लस सुरक्षा

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 08:31 AM (IST)

जालंधर(रविंदर): पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू को आजकल जान का खतरा है। खुद पंजाब सरकार ने इस बात का अंदेशा जताते हुए केंद्र सरकार से मांग की थी कि सिद्धू को जैड प्लस सिक्योरिटी के साथ सैंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सी.ए.पी.एफ.) सिक्योरिटी कवर दिया जाए। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने सिद्धू को जैड प्लस सिक्योरिटी तथा पंजाब सरकार ने बुलेट प्रूफ गाड़ी भी उपलब्ध करवा दी है। इस संबंधी एडीशनल चीफ सैक्रेटरी पंजाब निर्मलजीत सिंह कलसी ने यूनियन होम सैक्रेटरी राजीव गाबा व डायरैक्टर आई.बी. राजीव जैन को पत्र लिखा था। 

मिली सी.ए.पी.एफ. कवर सिक्योरिटी

पंजाब सरकार ने 3 बार सांसद और पंजाब के मौजूदा कैबिनेट मंत्री सिद्धू को कई तरह के खतरे का अंदेशा जताया था। सरकार ने कहा था कि न केवल सिद्धू के खिलाफ पंजाब के विरोधी दल हैं बल्कि पाकिस्तान के साथ बढ़ती दोस्ती के लिए भी उनको कई तरह की धमकियां मिल रही हैं। यही नहीं, डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों के निशाने पर भी सिद्धू लगातार रहे हैं। इसके अलावा हिंदू युवा वाहिनी ने भी सिद्धू को जान से मारने की धमकी दी है।सिद्धू  देश भर  में  कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं इसलिए पंजाब सरकार ने न केवल उनको बुलेट प्रूफ गाड़ी देने का प्रोग्राम बनाया है, साथ ही केंद्र सरकार से सी.ए.पी.एफ. कवर सिक्योरिटी देने की मांग भी की थी।  

क्यों दी गई सिद्धू को हाई सिक्योरिटी
अंदेशा जताया जा रहा है कि जिस तरह से पिछली सरकार में ढंडरियां वाले को शरारती तत्वों ने निशाने पर लेकर घटना को अंजाम दिया था, कहीं उसी तर्ज पर सिद्धू को निशाने पर न लिया जाए। दूसरी तरफ 3 बड़े राज्यों में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद पार्टी में हीरो बनकर उभरे नवजोत सिंह सिद्धू की लगातार बढ़ती लोकप्रियता पार्टी के भीतर ही कईयों को हजम नहीं हो पा रही है। पार्टी के भीतर ही एक तबका सिद्धू की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से खुद को असहज महसूस कर रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पार्टी के भीतर से भी सिद्धू को जान का खतरा हो सकता है। 

 

swetha