खतरे में 3 दर्जन से अधिक गांव, 10 महीने पहले बना करोड़ों का पुल अब...
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:01 PM (IST)
गुरदासपुर (विनोद): गुरदासपुर-श्री पिंडोरी धाम सड़क पर अपरबारी दोआब नहर पर गाजीकोट गांव के पास बना लोहे का पुल लगभग 10 माह बाद ही क्षतिग्रस्त होने से इस इलाके के तीन दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को फिर मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार यह लोहे का पुल लगभग 10 माह पहले बिना किसी उद्घाटन के शुरू किया गया था। इस पुल के बनकर तैयार होने पर इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिली थी। जबकि श्री पिंडोरी धाम जाने वाले लोगों को भी भारी राहत मिली थी। परंतु अब लगभग 10 माह बाद ही यह लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से बना पुल एक तरफ से क्षतिग्रस्त हो गया है।
लोगो ने बताया कि धीरे-धीरे पुल व सड़क को जिस स्थान से जोड़ा गया है, उसमें दरार आ गई है तथा यह दरार दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यदि इसे तुरंत ठीक न किया गया तो फिर यह पुल फिर से बंद हो जाएगा। जबकि इसी तरह का बना धमराई के पास पुल पहले ही स्थाई रूप में लगभग 10 माह से क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण बंद पड़ा है।
क्या कहना है पुल बनाने वाले ठेकेदार का
इस संबंधी इस पुल को बनाने वाले ठेकेदार पारस वडैहरा से जब बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मैं मौके पर पहुंच गया हूं तथा माहिरों व विभाग के अधिकारियों से विचार-विमर्श कर एक दो दिन में इस पड़ी दरार को ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर दरार आई है वह लोहे के पुल तथा सड़क को जोड़ने वाला स्थान है तथा तीखा मोड़ है। जिस कारण यह समस्या बनी है। मेरे द्वारा बनाया गया लोहे का पुल पूरी तरह से सुरक्षित है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

