PSEB की बड़ी लापरवाही! 8th Class के प्रश्नपत्र से तीन सवाल गायब
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 05:36 PM (IST)
संगरूर (सिंगला) — पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड कथित तौर पर पिछले लंबे समय से अपनी लगातार गलतियों के कारण चर्चा में रहता है और अब एक बार फिर आठवीं कक्षा के विज्ञान प्रश्नपत्र में की गई गड़बड़ी के चलते सुर्खियों में है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधीन आठवीं कक्षा के विज्ञान विषय की वार्षिक परीक्षा दे रहे विद्यार्थी, परीक्षा ड्यूटी पर तैनात निगरान और सुपरिंटेंडेंट उस समय हैरान-परेशान रह गए, जब उन्होंने प्रश्नपत्र के पेज नंबर चार पर पंजाबी भाषा में क्रम संख्या 28, 29 और 30 के प्रश्न गायब पाए गए। इस प्रकार पंजाबी माध्यम में 80 अंकों की बजाय केवल 65 अंकों का ही प्रश्नपत्र छापा गया।
गौरतलब है कि यह प्रश्नपत्र पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए तीनों भाषाओं में जारी किया जाता है। हिंदी और अंग्रेजी भाषा के प्रश्नपत्र सही थे, जबकि पंजाबी भाषा में उक्त गड़बड़ी पाई गई, जिससे विद्यार्थियों और परीक्षा लेने वाले अध्यापकों को बेचैनी, उलझन और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। इसके अलावा अंग्रेजी भाषा के प्रश्नपत्र में भी कई गलतियां होने के कारण अध्यापकों और विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्या कहते हैं डीईओ संगरूर?
इस संबंध में जब तरविंदर कौर, जिला शिक्षा अधिकारी (सीनियर सेकेंडरी), संगरूर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र में पंजाबी भाषा में प्रश्न न होने की जानकारी 11:05 बजे ही मिल गई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित परीक्षा केंद्रों के सुपरिंटेंडेंट को निर्देश देकर प्रश्न संख्या 28, 29 और 30 को पंजाबी भाषा में अनुवाद कर विद्यार्थियों को हल करवाने के लिए कहा गया था।
इसके अलावा उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि इस गलती के कारण किसी विद्यार्थी को कोई नुकसान हुआ होगा तो शिक्षा विभाग किसी भी छात्र का नुकसान नहीं होने देगा। जो भी उचित निर्णय होगा, वह लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय पर सुपरिंटेंडेंट के माध्यम से जानकारी उपलब्ध करवा दी गई थी।

