पंजाब सहित देशभर के चिड़ियाघरों में कोरोना वायरस का ‘टाइगर अलर्ट’

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2020 - 08:33 AM (IST)

चंडीगढ़/नई दिल्ली (अश्वनी, वार्ता): पंजाब सहित देशभर के तमाम चिड़ियाघरों में कोरोना वायरस को लेकर ‘टाइगर अलर्ट’ जारी किया गया है। यह अलर्ट न्यूयार्क के ब्रोंक्स जू में टाइगर को कोरोना वायरस होने की पुष्टि के कारण जारी किया गया है।

पंजाब सरकार ने राज्य में उन तमाम चिड़ियाघरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं जहां टाइगर मौजूद हैं। इसी कड़ी में बाकी जानवरों की सुरक्षा बढ़ाने को भी कहा गया है। इस बाबत पी.सी.सी.एफ. कुलदीप कुमार ने बताया कि ब्रोंक्स में टाइगर किसी कोरोना पॉजीटिव कर्मचारी के संपर्क में आ गया था जिस कारण टाइगर में कोरोना वायरस होने की पुष्टि हुई। हालांकि पंजाब के चिडिय़ाघरों में कोई भी कर्मचारी जानवरों के इतने पास से संपर्क में नहीं आता है।

जानवरों की देखरेख की दी खास हिदायतें
पंजाब के तमाम जू को जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि जानवरों खासतौर शेर, चीता, जैगुआर इत्यादि सभी जानवरों के लक्षणों पर सी.सी.टी.वी. की मदद से 24 घंटे तक नजर रखी जाए। अगर किसी जानवर में सांस लेने में तकलीफ, नाक का बहना, बुखार होना देखा जाता है तो तुरंत डॉक्टर को सूचित कर उस जानवर को आइसोलेट करने के आदेश दिए गए हैं। पी.सी.सी.एफ. कुलदीप कुमार ने बताया कि चिडिय़ाघरों के कर्मचारी ब्रोंक्स घटना होने से पहले ही मास्क, शू कवर व खुद को अ‘छे से सेनेटाइज करने के बाद ही चिडिय़ाघरों में जा रहे हैंं। सभी को एक खास दूरी से जानवरों की देखभाल करने के आदेश दिए गए हैं। केंद्रीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए मशविरा जारी किया है कि जानवरों की देखरेख करने वाले व्यक्ति कोरोना से निजी बचाव के साधनों के बिना उनके बिल्कुल नजदीक नहीं जाएंगे।    

Vatika