टिप्पर पलटने पर चालक से हैवानियत, कुत्ते के पिंजरे में बंद कर पीटा, वायरल वीडियो के बाद Action

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 01:29 PM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र) : टिप्पर पलटने के कारण चालक को अगवा करके मालिक और उसके साथियों ने कुत्ते के पिंजरे में बंद करके बेरहमी से पीटा तथा अमानवीय व्यवहार भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित चालक की शिकायत के आधार पर थाना सदर पटियाला में मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के तहत टिप्पर के मालिक बलवीर सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। यह घटना 24 सितम्बर की है।

PunjabKesari

मामले की जानकारी देते हुए एस.पी. सिटी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित चालक प्रिंस (पुत्र नवदीप सिंह, निवासी गांव महमदपुर जट्टां, थाना सदर) की शिकायत पर राजेश कुमार (पुत्र बलवीर सिंह, निवासी अमन बाग, सरहिंद रोड, पटियाला), बलवीर सिंह (पुत्र जागीर सिंह), अभिषेक, सोनू का चालक लाडी और 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि इस मामले से जुड़ा एक और प्रकरण सामने आया है। 21 सितम्बर को थाना सिटी रूपनगर में एफ.आई.आर. नंबर 227 दर्ज हुई थी। उस दौरान एक टिप्पर पलटने के बाद टिप्पर मालिक और चालक पक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। इस बहस के दौरान टिप्पर मालिक के साथ मारपीट का आरोप लगा था, जिस संबंध में रूपनगर में केस भी दर्ज किया गया था।

एस.पी. मोहित अग्रवाल ने बताया कि इसी का बदला लेने के लिए 24 सितम्बर को प्रिंस को उसके घर के पास से गाड़ी में अगवा कर लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। 24 सितंबर के बाद चालक प्रिंस ने कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी थी। लेकिन जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस के पास पहुंचा, तो पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और टिपर मालिक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस जांच कर रही है कि उसे अगवा करने में कौन-कौन शामिल थे और नामजद आरोपियों के अलावा उनके सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वायरल हुए वीडियो में प्रिंस को एक कुत्ते के पिंजरे में बंद किया गया है और उसकी बेरहमी से पिटाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा दर्ज एफ.आई.आर. में पीड़ित प्रिंस ने बयान दिया है कि 24 सितम्बर को जब वह दूध लेने के लिए जिंदल डेयरी जा रहा था, तो आटा चक्की बहादुरगढ़ के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी में आए 4-5 लोगों ने उसे जबरन बैठा लिया। वे उसे 'जय कृपाल/जय ठाकुर फर्म' (बाईपास सरहिंद रोड) ले गए, जहां उसकी पिटाई की गई, कपड़े फाड़ दिए गए और कुत्ते के पिंजरे में बंद कर दिया गया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं और डरा-धमकाकर एक कागज पर दस्तखत करवा लिए। इसके बाद उसकी वीडियो बनाकर उसे अलीपुर चौक के पास छोड़ दिया और बाद में वही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News