उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश, पंजाब में अलर्ट जारी

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2019 - 07:51 PM (IST)

नई दिल्ली/चंडीगढ़: उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पंजाब में भाखड़ा बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के चलते अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, मोहाली और चंडीगढ़ समेत कई हिस्सों में बारिश हुई। सतलुज नदी और निचले इलाकों के नजदीक रह रहे लोगों को सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा के लिए ऐहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है। 

दिल्ली में शनिवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। वहीं बाढग़्रस्त केरल में हालात सामान्य हो रहे हैं। आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश हुई है जहां कृष्णा नदी में उफान के चलते दो जिलों के 87 गांव और सैंकड़ों एकड़ कृषि भूमि पानी में डूब गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने एक लड़की का शव बरामद किया है जो कृष्णा जिले में उफनती नदी में बह गई थी। कृष्णा और गुंटूर जिलों में 11,553 लोगों को 56 राहत शिविरों में भेजा गया है जहां उन्हें भोजन और पेयजल मुहैया कराया जा रहा है। 

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचन्दन ने कृष्णा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया, जबकि मंत्रियों ने विजयवाड़ा शहर में प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी की। हिमाचल प्रदेश में उफनते बांध से 17 वर्षीय किशोर का शव बहता मिला है। राज्य में भूस्खलन की घटनाओं के चलते कई सड़कें बंद हैं। कांगड़ा जिले के सभी शैक्षिक संस्थानों को भी मूसलाधार बारिश के चलते शनिवार को बंद रखने के लिए कहा गया। पालमपुर के निकट बाढ़ में फंसे कई लोगों को बचा लिया गया। पंजाब में भाखड़ा बांध के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से जमा हुए अतिरिक्त पानी को छोड़ा गया है जिसके चलते कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।  

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 203.27 मीटर पहुंच गया जो कि चेतावनी स्तर (204.5 मीटर) से थोड़ा नीचे है। बाढ़ की किसी भी संभावना से निपटने के लिए एजेंसियां स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। राजस्थान में सैंकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, वनस्थली, भीलवाड़ा और सीकर में क्रमश: 104.5 मिमी, 88.2 मिमी 79 मिमी 42.1 मिमी, 41 मिमी और 37.4 मिमी बारिश हुई है। केरल में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और लोग राहत शिविरों से अपने घरों की तरफ जाने लगे हैं। 

बहरहाल, शनिवार तक मृतकों की संख्या 113 हो गई। मलप्पुरम में 50 और वायनाड में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां 28 लोग अभी भी लापता हैं। मूसलाधार बारिश और निचले इलाके में जलजमाव के कारण कई स्थानों का संपर्क कटने से शनिवार को महानगर के अधिकतर हिस्से में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारी बारिश से जूझ रहे कोलकाता में पिछले 24 घंटों में 186.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है और मौसम विभाग ने आगे भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
 

Vaneet