सावधान! YouTube ऐड के जरिए फंसाया जाल, बैंक अकाउंट मुहैया कराने वाले 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 03:34 PM (IST)
चंडीगढ़ (सुशील): ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 14 लाख 40 हजार रुपये ठगने वाले गैंग के 2 सदस्यों को साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहाली के विकास नगर निवासी विवेक और ढकोली निवासी ऋषभ गांधी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी जालसाजों को बैंक अकाउंट देते थे। बदले में जालसाज उन्हें कमीशन देते थे। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। मनीमाजरा निवासी सनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के बहाने एक ऐड देखा था।
उसे ADVPMA नाम का नकली ट्रेडिंग एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा गया था। एप्लीकेशन पर मनगढ़ंत मुनाफा दिखाकर जालसाजों ने उसे किश्तों में पैसे भेजने के लिए मना लिया। 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच सनी कुमार ने जालसाजों के कहने पर HDFC और SBI बैंक अकाउंट से 14,40,000 रुपये ट्रांसफर किए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने जवाब देना बंद कर दिया। शिकायत के बाद साइबर सेल ने केस दर्ज किया और जालसाजों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई। पुलिस ने बैंक अकाउंट के जरिए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

