ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर से परेशान ट्रक ड्राइवर ने उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 09:22 AM (IST)
बुढलाडा/बरेटा (बांसल): तमिलनाडु के कोयम्बटूर के पास ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर से परेशान बुढलाडा के गांव कुलरिया के ट्रक ड्राइवर गुरलाल सिंह ने आग लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवार उसे बुढलाडा घर ला रहा था तो रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई सतपाल सिंह ने बताया कि गुरलाल सिंह हैदराबाद की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था।
वह तमिलनाडु के कोयम्बटूर में इन्वर्टर पहुंचाने के लिए गया था, जहां उसके ट्रक में खराबी आ गई। वह बार-बार ट्रांसपोर्ट के अधिकारियों से फोन पर संपर्क करके मदद मांग रहा था, परंतु उनकी तरफ से गुरलाल सिंह के साथ बदसलूकी की जा रही थी और धमकियां दी जा रही थीं। गुरलाल सिंह ने खुदकुशी करने से पहले उसे फोन पर कंपनी द्वारा परेशान करने की बात कही थी और आत्महत्या करने के बारे में बता रहा था।
इसके बाद उसने वहां खुद को आग लगा ली। वहां के लोगों और पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना मिलने पर जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि उसका सही ढंग से इलाज नहीं किया जा रहा था। वह मजबूरी में उसे एम्बुलैंस के जरिए बुढलाडा लेकर आ रहे थे पर उसने बुढलाडा के पास रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवार ने कंपनी के मैनेजर और कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। मृतक के भाई ने बताया कि मैनेजर की धमकियों से भरी कॉल रिकॉर्डिंग्स उनके पास मौजूद हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

