सीमांत क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के लिए भिजवाई 505वें ट्रक की राहत सामग्री

punjabkesari.in Tuesday, Apr 09, 2019 - 08:22 AM (IST)

जालन्धर(जोगिन्द्र संधू): पाकिस्तान की सीमा से लगते जम्मू-कश्मीर तथा पंजाब के गांवों में रहने वाले लोग 1947 से ही मुश्किलों भरा जीवन गुजार रहे हैं। सीमा पार से होने वाली गोलीबारी के साथ-साथ आतंकवादियों की घुसपैठ, नशों की स्मगलिंग तथा जाली करंसी के कारण जहां सीमांत क्षेत्र के परिवारों पर  बेहद हानिकारक प्रभाव पड़ता है, वहीं देश के अन्य हिस्सों को भी बहुत नुक्सान पहुंचा है।

पंजाब के कुछ सीमांत गांवों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि वहां के लोगों की हर हरकत पर पाकिस्तान की नजर रहती है जबकि भारत से ये क्षेत्र अधिकतर कटे से रहते हैं। इनमें गुरदासपुर जिले से संबंधित कुछ गांव भी हैं जहां रहने वाले लोग कई तरह की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। पंजाब केसरी पत्र समूह द्वारा ऐसे परिवारों को सहायता पहुंचाने के लिए अक्तूबर, 1999 से एक विशेष राहत अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 505वें ट्रक की सामग्री गत दिवस सीमांत गांव भरियाल तथा आस-पास रहने वालों के लिए भिजवाई गई थी।

इस बार की राहत सामग्री का योगदान बाबा कश्मीरा सिंह जन सेवा ट्रस्ट (रजि.) गढ़ा रोड, जालन्धर द्वारा दिया गया था। सहायता सामग्री भिजवाने  के इस  नेक  प्रयत्न  में ट्रस्ट  के  संस्थापक  स्वामी  बाबा कश्मीरा सिंह जी के आशीर्वाद से ट्रस्ट  के  सैक्रेटरी  महिन्द्र  सिंह  परवाना, बाबा जी के बेटे  मनिन्द्र सिंह रियाड़, बाबा जी के पौत्र सरताज सिंह रियाड़,  बलदेव सिंह, रेशम सिंह, जगदेव सिंह तथा सुखपाल सिंह ने अहम भूमिका निभाई। पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी द्वारा जालन्धर से रवाना किए गए इस ट्रक की सामग्री में 300 थैली आटा (प्रति थैली 10 किलो), 300 थैली चावल (प्रति थैली 5 किलो), 300 पैकेट दाल (प्रति पैकेट  2  किलो  मूंग तथा चने की दाल) तथा 300 कम्बल शामिल थे।राहत वितरण टीम के प्रमुख योगाचार्य श्री वरिन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सामग्री वितरण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में जाने वाले सदस्यों में सुलिन्द्र सिंह कंडी, राजेश भगत, मैडम डौली हांडा, ब्राह्मण सभा पंजाब के उप प्रधान नरेश शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, (भोला जी), राज सिंह तथा दीनानगर से पंजाब केसरी के प्रतिनिधि दीपक कुमार भी शामिल थे। 

swetha