सीमांत क्षेत्रों के पीड़ित परिवारों के लिए भिजवाई 535वें ट्रक की राहत सामग्री

punjabkesari.in Friday, Nov 29, 2019 - 08:44 AM (IST)

जालन्धर(जोगिन्द्र संधू): पाकिस्तान की सीमा किनारे बसे लोगों का जीना इस कारण दुश्वार हो गया है क्योंकि एक तरफ वे आतंकवादियों की घुसपैठ के खतरे तले जीवन बसर करते हैं तो दूसरी तरफ पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी  का डर हर समय बना रहता है। इन मुश्किलों की मार जम्मू-कश्मीर तथा पंजाब के कुछ जिलों में रहने वाले लोगों को सहनी पड़ रही है। हजारों सीमांत परिवार  न सिर्फ संकटों का सामना कर रहे हैं, बल्कि वे आर्थिक मंदहाली के शिकार भी हो गए हैं। परिणामस्वरूप उनके लिए अपने घर चलाना तथा परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है।

इस त्रासदी को झेलने वाले परिवारों में पंजाब के पठानकोट व गुरदासपुर जिलों से संबंधित कुछ सीमांत गांवों के हजारों लोग भी शामिल हैं।  इन गांवों की जमीनी हकीकत तो यही कड़वा सच बयां करती है कि जैसे वहां सरकार व प्रशासन नाम की कोई चीज है ही नहीं। दयनीय स्थिति में दिन गुजार रहे ऐसे सीमांत परिवारों को सहायता पहुंचाने के लिए ही पंजाब केसरी पत्र समूह द्वारा एक विशेष राहत अभियान चलाया जा रहा है।इस राहत अभियान के तहत 535वें ट्रक की राहत सामग्री गत दिवस गुरदासपुर जिले से संबंधित सीमांत गांवों में रहने वाले परिवारों के लिए भिजवाई गई थी। इस ट्रक की सामग्री का योगदान हर्बल दवाइयों के कारोबार से जुड़ी लुधियाना की प्रसिद्ध कम्पनी आई.एम.सी. द्वारा दिया गया था। आई.एम.सी. द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री का लगातार दूसरा ट्रक भिजवाया गया।

सामग्री  भिजवाने  के  इस  पवित्र  कार्य  में कम्पनी के चेयरमैन डा. अशोक भाटिया व मैनेजिंग डायरैक्टर श्री सत्यन भाटिया की प्रमुख भूमिका रही है। इसके अलावा स्टाफ सदस्यों द्वारा भी बहुमूल्य सहयोग दिया गया।राहत सामग्री के इस ट्रक को पंजाब केसरी पत्र समूह के मुख्य  संपादक श्री विजय कुमार चोपड़ा द्वारा लुधियाना से प्रभावित क्षेत्रों हेतु रवाना किया गया था। इस ट्रक की सामग्री में 300 परिवारों के लिए प्रति परिवार 25 किलो चावल, 2 किलो चीनी, एक किलो चने की दाल, एक किलो मूंग-मसूर की दाल, 250 ग्राम चायपत्ती, 250 ग्राम हल्दी, एक किलो नमक, 1 किलो रिफाइंड, एक पैकेट माचिस, 6 मोमबत्तियां व एक किलो साबुन (कपड़े धोने वाला) शामिल था।

राहत सामग्री के वितरण हेतु योग गुरु श्री वरिन्द्र शर्मा के नेतृत्व में जाने वाली टीम में नोबल फाऊंडेशन लुधियाना के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा, आई.एम.सी. के मैडम जसप्रीत कौर, निकिता पांडे, हरजोत कौर, सुरजीत सिंह, पूर्ण, सुखविंद्र सिंह सन्नी, सी.आर.पी.एफ. के  रिटायर्ड अधिकारी स. सुलिंद्र सिंह कंडी, इंस्पैक्टर राज सिंह (रिटा.) तथा सतनाम सिंह रंधावा भी शामिल थे।

swetha