इंसानियत शर्मसार: लुधियाना में नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, 90% झुलसी
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना(राज): थाना मेहरबान के अंतर्गत आते इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता को उसके ही ससुरालियों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। करीब 90 प्रतिशत तक झुलसी पीड़िता इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। दिल दहला देने वाली इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। थाना मेहरबान की पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रोड की रहने वाली कांता कौर की शादी करीब 4 महीने पहले गुरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में कलह शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि वह अपने पति के साथ अलग रहना चाहती थी, परंतु उसके सास-ससुर इस बात के सख्त खिलाफ थे और इसी रंजिश के चलते उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। वारदात वाले दिन भी इसी बात को लेकर घर में जमकर विवाद हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए पति ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर कांता पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस दिखा दी।
थाना मेहरबान के जांच अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि 25 मार्च को सीएमसी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती गंभीर रूप से जली हुई हालत में दाखिल करवाई गई है। युवती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। इसके बाद 31 मार्च को जब पीड़िता की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ, तो माननीय जज की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किए गए। अपने बयानों में कांता कौर ने ससुराल पक्ष पर सीधे तौर पर आग लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। पीड़िता के मायके परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

