कहर ओ रब्बा! पंजाब में सड़क हादसे दौरान 2 जिगरी दोस्तों की मौ''त, एक था मेकअप आर्टिस्ट

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 05:47 PM (IST)

रूपनगर (विजय): रूपनगर-श्री कीरतपुर साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव मलिकपुर फ्लाईओवर पर बीती रात हिमाचल नंबर के एक ट्रक-ट्रॉला और बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर में 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा फ्लाईओवर पर तकनीकी खराबी के कारण खड़े ट्रक-ट्रॉला के पीछे मोटरसाइकिल के जोरदार टकराने से हुआ।

मृतकों की पहचान गांव घनौला निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मणी महादेव पुत्र हरपाल सिंह और हरकीरत सिंह उर्फ हैरी पुत्र करमजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों बचपन के घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं। उनकी मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। परिवारिक सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल पर किसी धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहे थे। रास्ते में मौसम खराब होने, तेज बारिश और आंधी आने के कारण उन्होंने आगे जाने की बजाय वापस गांव घनौला लौटने का फैसला किया। जब वे मलिकपुर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो वहां पहले से खराब हालत में एक ट्रक-ट्रॉला खड़ा था। बारिश और अंधेरे के कारण उनका मोटरसाइकिल खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सड़क सुरक्षा बल (एस.एस.एफ.) को दी। सूचना मिलते ही एस.एस.एफ. टीम एन.एच.ए.आई. की एंबुलैंस के साथ मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सिविल अस्पताल रूपनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मणी महादेव धार्मिक जागरणों में भगवान की झांकियां सजाने का कार्य करता था, जबकि उसका मित्र हैरी फिल्म इंडस्ट्री में मैकअप आर्टिस्ट के रूप में कार्यरत था। मृतक मणी के पिता हरपाल सिंह पाली ने बताया कि दोनों युवक मेहनती थे और अपने पैरों पर खड़े थे। उन्होंने बताया कि मणी का घनौली में अपना सैलून भी था। वहीं हैरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ था। पीड़ित परिवार के अनुसार हैरी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और परिवार का सहारा था।

इस संबंध में सदर थाना रूपनगर के एस.एच.ओ. सन्नी खन्ना ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम को सक्रिय किया गया था। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही हिमाचल नंबर के ट्रक-ट्रॉला के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News