बड़ी वारदात: जमीनी विवाद के चलते दो सगे भाइयों का गोलियां मार कर कत्ल

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2020 - 02:13 PM (IST)

गुरदासपुर (बेरी): गांव कलेर खुर्द में भूमि विवाद के चलते दो सगे भाईयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि एक व्यक्ति को गंभीर घायल कर दिया। 

इस सबंध में जानकारी देते हुए डी.एस.पी गुरदीप सिंह स्वामी ने बताया कि बटाला के निकटवर्ती गांव कलेर खुरद में दो गुटों के बीच जमीन विवाद को लेकर अदालती केस पिछले 40 वर्ष से कोर्ट में चल रहा था कि इस विवाद को लेकर एक गुट के व्यक्तियों ने दूसरे गुट के लोगों पर हमला करते हुए उन पर गोलियां चला दी जिसके चलते हुए इस गोलीकांड में जहां दो सगे भाईयों की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों में अमरीक सिंह व हरभजन सिंह जोकि सगे भाई हैं और इसी जमीन पर गेहूं की फसल की बिजाई करने हेतु जब खेतों में पहुंचे तो गांव के ही रहने वाले रिटा. फौजी विरसा सिंह ने उनके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया और 12 बोर दोनाली से अमरीक सिंह व हरभजन सिंह पर गोलियां दाग दी जिनसे उक्त दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 

अन्य जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही जब अमरीक सिंह के परिवारिक सदस्य मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अमरीक सिंह व हरभजन सिंह के खेतों में शव पड़े हैं। इसके अलावा गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। 

उधर, डी.एस.पी गुरदीप सिंह स्वामी ने आगे बताया कि गोली चलाने वालों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल बटाला में भेज दिए हैं तथा घायल हुए व्यक्ति के बयानों के आधार पर थाना सेखवां में बनती धाराओं तले गोली चलाने वालों के विरुद्ध केस दर्ज कर दिया है।

Sunita sarangal