ढाई मरले के प्लॉट को लेकर आपस में भिड़े दो पक्ष, चलें ईंट-पत्थर, जानें क्या बने मौके के हालात
punjabkesari.in Saturday, Jun 14, 2025 - 05:30 PM (IST)

जलालाबाद (टीनू/सुमित): स्थानीय मंनेवाला रोड पर भाई मतीदास कॉलोनी के पास ढाई मरले के खाली प्लॉट पर मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों की महिलाओं में पहले विवाद हुआ और उसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें से एक का इलाज जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में और दूसरी महिला का इलाज बठिंडा में चल रहा है।
पहले पक्ष की महिला स्वर्ण कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जमीन उसके नाम पर है। उसके पति का देहांत हो चुका है और इसी बात का फायदा उठाते हुए उसके पड़ोसी इस प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं। प्लॉट से संबंधित उसके पास सभी दस्तावेज हैं, जिन्हें वह पहले ही पुलिस प्रशासन को दिखा चुकी है। स्वर्ण कौर ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की महिलाओं ने उसे जान से मारने की नीयत से सड़क पर पीटा और उसके कानों से टॉप्स भी उतार लिए। अब उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
वहीं पीडि़त दीपक सिंह ने कहा कि कुल साढ़े पांच मरले प्लॉट की रजिस्ट्री उनके नाम पर है, जिसका इंतकाल भी राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। जब वह अपने ढाई मरले वाले हिस्से पर निर्माण करवा रहे थे तो जोगिंदर सिंह और सुरजीत सिंह ने अपने परिवार के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की और उनके बनाए गए प्लॉट की दीवार तोड़ दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को दी गई शिकायत में प्लॉट की निशानदेही की भी मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के सुरजीत सिंह ने बताया कि संबंधित प्लॉट उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और उनके पास इस प्लॉट पर कोर्ट का स्टे भी है। उन्होंने कहा कि बीते दिन जब उनका परिवार प्लॉट पर निर्माण कर रहा था, तभी रोकने के प्रयास में विवाद हुआ। सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह नामक व्यक्ति ने गलत तरीके से उक्त प्लॉट की रजिस्ट्री दूसरे पक्ष के नाम कर दी है, जबकि यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। इसको लेकर उन्होंने प्रशासन को निशानदेही के लिए एक आवेदन भी दिया हुआ है।
झगड़े के दौरान उनके परिवार की एक महिला के सिर पर ईंट लगी, जिसे पहले जलालाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे फरीदकोट और बाद में बठिंडा रेफर कर दिया गया। विवाद के दौरान पुलिस को सूचना देने पर मौके पर पहुंचे पीसीआर के कर्मचारी अमनदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके विवाद की जानकारी दी थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here