कपूरथला रेल कोच फैक्टरी में सर्च अभियान दौरान 2 नौजवान गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Feb 16, 2019 - 07:04 PM (IST)

कपूरथला(मल्ली): रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त कमलजोत बरार के निर्देशानुसार व हरि सिंह रावत, सहायक सुरक्षा आयुक्त के मार्ग दर्शन में सुरक्षा के मद्देनजर आर.सी.एफ परिसर में एक विशेष अभियान रेलवे एक्ट के अंतर्गत चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत बलजीत सिंह ए.एस.आई, केवल कृष्ण हैड कांस्टेबल, राजेंद्र कुमार हैड कांस्टेबल व कांस्टेबल पवन कुमार ने आर.सी.एफ कपूरथला क्षेत्र की गश्त के दौरान 2 बाहरी नौजवानों को अनाधिकृत रूप से घूमते हुए पाया। 

संदेह होने पर उक्त व्यक्तियों से पूछताछ की गई, तो दोनों नौजवानों द्धारा अपना नाम व पता 19 वर्षीय सागर सिंह पुत्र जोगिन्दर सिंह व 19 वर्षीय अकाशदीप सिंह पुत्र बलबीर सिंह दोनों निवासी गांव शालपुर जिला कपूरथला बताया। जब उनसे आर.सी.एफ परिसर में प्रवेश करने का प्रशासन द्धारा जारी वैधानिक प्रवेश पत्र पूछा गया तो वह कोई भी अधिकार पत्र पेश नहीं कर पाए तथा उनके द्धारा आर.सी.एफ क्षेत्र के किसी भी गेट पर न ही कोई ऐन्ट्री करवाई गई। 

जांच के बाद उक्त व्यक्तियों को आर.सी.एफ में अनाधिकृत तौर पर प्रवेश करने के जुर्म से अवगत कराते हुए रेल सुरक्षा बल पोस्ट आर.सी.एफ कपूरथला में धारा 147 रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। बाद में दोनों व्यक्तियों को जमानत पर रिहा किया गया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने बताया कि 25 फरवरी को उक्त दोनों व्यक्तियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Vaneet