स्कूलों में कछुआ चाल चल रहा यूडाइस का काम, शिक्षा विभाग अब बरतेगा सख्ती

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 09:09 PM (IST)

लुधियाना (विक्की) : भारत सरकार की ओर से हर साल करवाए जाने वाले यूडाइस सर्वे 2026-27 के काम में देरी को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। कछुआ जैसी चाल से चल रहे यूडाइस के काम को लेकर डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा कम-स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर, समग्र शिक्षा अभियान अथॉरिटी (एमआईएस विंग), पंजाब की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अफसरों (सेकेंडरी शिक्षा, एलिमेंट्री शिक्षा) और सभी यूडाइस नोडल अफसरों (सेकेंडरी शिक्षा, एलिमेंट्री शिक्षा) को पत्र जारी कर 30 सितंबर तक पूरा काम खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं। 

जारी दिशा निर्देशों के अनुसार सभी स्कूलों को 30 अगस्त तक यूडाइस सर्वे के प्रोफाइल, अध्यापक और विद्यार्थी मॉड्यूल का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक स्कूल प्रोफाइल मॉड्यूल 84.82 प्रतिशत, अध्यापक मॉड्यूल 94.33 प्रतिशत और विद्यार्थी मॉड्यूल केवल 79.05 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। 
 
रिलीज रिक्वेस्ट्स भी बड़ी संख्या में पेंडिंग
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थी मॉड्यूल के तहत जब कोई विद्यार्थी एक स्कूल छोड़कर दूसरे स्कूल में नया दाखिला लेता है, तो नए स्कूल की ओर से संबंधित विद्यार्थी के लिए पिछले स्कूल को यूडाइस पोर्टल पर रिलीज रिक्वेस्ट भेजी जाती है। पिछले स्कूल द्वारा इस रिक्वेस्ट को विद्यार्थी की वर्तमान स्थिति के अनुसार स्वीकार (एक्सेप्ट) या अस्वीकार (रिजेक्ट) करना होता है। वर्तमान में राज्य के भीतर (विदिन स्टेट) 13,928 और राज्य के बाहर (आउटसाइड स्टेट) 885 रिलीज रिक्वेस्ट्स पेंडिंग चल रही हैं। 
 
काम पूरा करने के बाद देना होगा सर्टिफिकेट
डिप्टी एसपीडी (आईसीटी), कार्यालय डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा, पंजाब ने समूह अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिले के बाकी बचे स्कूलों को जरूरी निर्देश जारी करें। सभी स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर काम पूरा करके जल्द से जल्द ऑनलाइन सर्टिफिकेट जमा करवाएं ताकि 30 सितंबर तक राज्य स्तर पर यूडाइस सर्वे का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News