चाय में नशीला पदार्थ मिला बेहोश करके लूटी NRI महिला, CCTV में कैद हुआ आरोपी

punjabkesari.in Friday, Jan 24, 2020 - 12:27 PM (IST)

लुधियाना(राज): चोर-लुटेरों ने भी वारदात का तरीका बदल लिया है। पहले सड़कों, मोहल्लों में महिलाओं और घरों को निशाना बनाते थे लेकिन अब फ्रैंडली ढंग से घर के अंदर दाखिल होकर लूटते हैं। एक ऐसे ही मामले में किराए पर लेने के लिए कमरा देखने आए व्यक्ति ने एन.आर.आई. महिला को निशाना बना लिया। 

बहाने से घर में घुसे आरोपी ने चाय में नशीला पदार्थ महिला दिया व महिला के बेहोश होते ही घर से लाखों के जेवर, गहने और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गया। हैरानी वाली बात यह है कि वारदात के समय घर में महिला की मां भी थी, मगर ज्यादा वृद्ध होने के कारण उसे किसी बात का पता नहीं चल पाया। घटना पता उस समय चला, जब पास में रहने वाला एक व्यक्ति उनके घर पर आया। उसने महिला को बेहोश देखकर रिश्तेदारों को बताया जिसके बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां महिला को 2 दिन बाद  होश आया, तब पुलिस को सूचना दी गई। थाना पी.ए.यू. के अंतर्गत चौकी किचलू नगर की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज कर लिया है। 

एन.आर.आई. शीतल कौर (70) ने बताया कि वह इंगलैंड में रहती है, जबकि उसकी वृद्ध बीमार मां किचलू नगर में रहती है व उसके रिश्तेदार मां को ख्याल रखते हैं। वह 7 जनवरी को ही मां से मिलने के लिए विदेश से आई थी। उन्होंने खाली पोर्शन को किराए पर देने के लिए घर के बाहर बोर्ड लगाया हुआ था। 16 जनवरी को वह घर पर मौजूद थी तो एक व्यक्ति घर देखने के लिए आया। घर देखने के बाद उसने 2 दिन बाद दोबारा आकर मिलने की बात की और चला गया। 2  दिन बाद आरोपी फिर से आया और बोला कि उसकी मां ने घर देखना है और वह पीछे आ रही है। 

इस दौरान उसने आरोपी को घर के अंदर लॉबी में बिठा लिया। व्यक्ति ने चाय बनाने के लिए कहा, इसलिए उसने 2 चाय बना ली। जब वह चाय लेकर आई तो उस व्यक्ति ने कहा कि वह नमक डाल कर चाय पीता है। इसके बाद वह उसके लिए नमक लाई और चाय में डाल दिया। शीतल का कहना है कि जब वह नमक लेने के लिए गई थी, तब पीछे से आरोपी ने उसकी चाय में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया था जिसके बाद चाय पीकर वह बेहोश हो गई थी। जब उसे होश आया तो वह अस्पताल में थी। तब उसे पता चला कि आरोपी उसके हाथ में पहनी सोने की चूडिय़ां, अंगूठी, कड़े और घर में पड़े पर्स से 31 हजार रुपए नकद चुराकर ले गया।

ग्रे रंग की एक्टिवा पर आया था आरोपी 
आरोपी घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में पता चलता है कि आरोपी ग्रे रंग की एक्टिवा पर आया था। उसने सिर पर गोल टोपी पहनी हुई थी। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।  चौकी इंचार्ज किचलू नगर सुखदीप सिंह ने बताया अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला अब ठीक है। फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। 

Vaneet