बेकाबू कार सफेदे से टकराई, 1 की मौत व 2 घायल

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 05:03 PM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): फगवाड़ा रोड पर बस्सी दौलत खां गांव के बाहर दिल्ली से आ रही बेकाबू स्विफ्ट कार सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार सोहन लाल निवासी गांव घुड़कां (फाजिल्का) की मौत हो गई। वहीं 2 अन्य जगमोहन सिंह उर्फ निक्का निवासी गांव विहाला व कार चालक राजेन्द्र कुमार पुत्र यमुना दास निवासी नई बस्सी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को ईलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा। निक्का की गंभीर हालत देख डाक्टरों ने उसे तत्काल अन्य रैफर कर दिया। सूचना मिलते ही थाना मेहटियाना पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच शुरू  कर दी है। 

मिली जानकारी अनुसार होशियारपुर के गांव नई बस्सी के संत को नई दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ तीनों होशियारपुर लौट रहे थे। सुबह 8 बजे के करीब बस्सी दौलत खां के समीप कार बेकाबू हो सड़क के किनारे सफेदे के पेड़ के साथ जोर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे थाना मेहटियाना में तैनात जांच अधिकारी ए.एस.आई. जोगराज सिंह ने बताया कि मृतक के वारिसों के आने के बाद ही पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। 


 

Punjab Kesari