पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात युवकों ने किया घर पर हमला, कुछ ही दूरी पर था थाना

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2020 - 03:24 PM (IST)

मोहाली: मोहाली के खरड़ में बुधवार देर रात करीब ढाई बजे पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात युवकों द्वारा एक युवक के घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले के दौरान गोलियां भी चलाई गईं और एक युवक बुरी तरह से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार खरड़ के जनता चौक के पास शर्मा अस्पताल के मालिक के भाई अरूण शर्मा की किसी से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते बुधवार देर रात कुछ अज्ञात युवकों ने उनके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने करीब 8-9 राउंड फायर भी किए जिसके निशान घर की दीवारों और दरवाजों पर साफ देखे जा सकते हैं। हमलावरों ने अरूण की बेरहमी से पिटाई की जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। उसे घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती करवाया गया है।

हैरानी की बात तो यह है कि जहां पर हमला हुआ वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस थाना है। फिर भी हमलावर हमला करके फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा। 

Sunita sarangal