मॉडर्न जेल में हाई सिक्योरिटी जोन में सुरक्षा कर्मियों से भिड़े कैदी, 6 नामजद
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 03:48 PM (IST)
कपूरथला (गुरप्रीत सिंह) : कपूरथला मॉडर्न जेल परिसर के हाई सिक्योरिटी जोन-ए में कैदियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, बहसबाजी और सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने छह कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि थाना कोतवाली के एसएचओ लखबीर सिंह ने की है। पुलिस को दी शिकायत में जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट धीरज कुमार ने बताया कि हाई सिक्योरिटी जोन-ए में कुछ कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए बहसबाजी की और उनकी सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न की।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने कैदी संदीप सिंह निवासी मोगा, मनदीप कुमार निवासी एसबीएस नगर, तेजवीर सिंह निवासी अमृतसर, परमजीत सिंह निवासी लुधियाना, अंकित भूरी निवासी लुधियाना तथा गुरधियान सिंह निवासी संगरूर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएचओ लखबीर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आरोपी कैदियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

