छोटी-सी बात को लेकर स्कूल में हंगामा, गुत्थम-गुत्था हुए प्रिंसीपल और लैक्चरार

punjabkesari.in Saturday, Feb 11, 2023 - 03:08 PM (IST)

खन्ना : खन्ना के नजदीकी गांव ललौड़ी कलां में शिक्षा का मंदिर उस वक्त रणभूमि में तबदील हो गया जब कमरे में प्रिंसिपल व पंजाबी लैक्चरार गुत्थम गुत्थाा हो गए। इस बीच प्रिंसिपल के चेहरे पर जहां चोटें आई वहीं प्रिंसीपल के कपड़े भी फाड़ दिए गए। लैक्चरार को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरे मामले की जानकारी प्रिंसीपल ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है।

समराला रोड स्थित गांव ललौड़ी कलां में प्रिंसिपल व पंजाबी लैक्चरार के बीच हुए झगड़े ने पूरे स्कूल का माहौल खराब कर दिया। प्रिं. प्रदीप सिंह ने बताया कि गत दिन सुबह की सभा के बाद जब उन्हें टाइम टेबल और हाउस की जानकारी चाहिए थी तो वे इसे लेकर कंप्यूटर लैब में गए। वहां पंजाबी लैक्चरार जगतार सिंह ने उनसे झगड़ा किया। जगतार सिंह ने उनके कपड़े फाड़ दिए और चेहरे पर हमला किया। उन्होंने इसकी जानकारी जिला शिक्षा अफसर, डी.पी.आई. व अन्य अधिकारियों को दे दी है। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई है। प्रिं. प्रदीप सिंह का आरोप है कि इससे पहले भी लैक्चरार स्कूल का माहौल खराब करता रहता है।

दूसरी ओर लैक्चरार ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि जब वह पीरियड लगा रहा था तो उन्हें अवतार सिंह ने आकर कहा कि उसे प्रिंसीपल ने बुलाया है। जब वह प्रिंसीपल के पास कंप्यूटर लैब में गया तो प्रिंसीपल ने उससे एक रजिस्टर के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें रजिस्टर के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैडम से कल पता किया जाएगा। इस बीच प्रिंसीपल ने उसको लात मारी और उन्हें पता नहीं चला कि आखिरकार उन पर कैसे हमला किया गया।

सरपंच ने की घटना की निंदा

इस बारे में सूचना मिलने पर गांव के सरपंच शिंगारा सिंह स्कूल में पहुंचे। सरपंच ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जो भी हुआ गलत हुआ है। इससे स्कूल का माहौल खराब होता है। इससे पहले भी दोनों शिक्षकों के बीच रंजिश चलती आ रही है। यह रंजिश पंजाबी लैक्चरार द्वारा ज्वाइन करने के समय से ही चली आ रही है जिससे बच्चों को नुक्सान हो रहा है। इसका हल होना चाहिए।

क्या कहना है सरकारी डॉक्टर का

दोनों शिक्षकों का इलाज करने वालीं सरकारी डॉक्टर मनप्रीत कौर ने कहा कि दोनों को मामूली चोटें लगी हैं। रंजिश के तहत दोनों में झगड़ा बताया गया है। इसकी सूचना एम.एल.आर. के माध्यम से पुलिस को दे दी गई है। वहीं दूसरी तरफ दोनों शिक्षकों को फर्स्ट एड दी गई है।

स्कूल में जाकर पता किया जाएगा क्या है सच्चाई : एस.एच.ओ.

इस संबंध में जब एस.एच.ओ. भिंदर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस को 112 नंबर से सूचना मिली थी। अस्पताल में भर्ती प्रदीप सिंह का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ अभी जगतार सिंह की एम.एल.आर. के बाद ही उनके बयान भी लिए जाएंगे। स्कूल में मौके पर जाकर भी पता किया जाएगा कि सच्चाई क्या है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Urmila