नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच 130 कि.मी. की रफ्तार से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रैस

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2019 - 10:27 AM (IST)

जालंधर(गुलशन): वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। देश की पहली सैमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रैस (ट्रेन-18) नई दिल्ली-वाराणसी के बाद अब नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच दौड़ेगी।

वंदे भारत एक्सप्रैस नई दिल्ली से लुधियाना तक 130 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। वंदे भारत के जरिए नई दिल्ली से कटड़ा तक का रेल सफर सिमट कर अब सिर्फ 8 घंटे का रह जाएगा। नई दिल्ली-कटड़ा स्टेशन तक के सफर में वंदे भारत का अंबाला जंक्शन, लुधियाना, जम्मू तवी स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है। रेल मंत्रालय के प्लान के मुताबिक वंदे भारत सुबह 6 बजे नई दिल्ली से कटड़ा स्टेशन के लिए रवाना होगी।

सुबह 8.10 बजे अंबाला जंक्शन पहुंचेगी, फिर 2 मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन 9.22 बजे लुधियाना स्टेशन पहुंचेगी। 9.24 बजे लुधियाना से चलकर दोपहर 12.40 बजे जम्मूतवी स्टेशन पहुंचेगी। वहां भी 2 मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन दोपहर 2 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर पहुंचेगी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन से वापसी में वंदे भारत दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होगी जो रात 11 बजे पहुंचेगी। इस दौरान वंदे भारत ट्रेन 4.18 बजे जम्मू तवी स्टेशन, शाम 7.36 बजे लुधियाना स्टेशन, रात 20.56 बजे अंबाला और रात 11 बजे नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में भी वंदे भारत ट्रेन का स्टॉपेज हर स्टेशन पर सिर्फ 2 मिनट का होगा।

Vatika