बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के शहर की सड़कों पर दौड़ रहे सैंकड़ों वाहन

punjabkesari.in Tuesday, Dec 27, 2022 - 11:29 PM (IST)

लुधियाना (राम/मोहिनी): वाहन चोरी के मामलों को रोकने के लिए सुप्रीमकोर्ट ने प्रत्येक वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के निर्देश दिए हुए हैं, लेकिन महानगर में बहुत से ऐसे वाहन हैं, जिन पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी हुई है और इसके अलावा शहर में हर दूसरा वाहन आपको ऐसा मिल जाएगा, जिस पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी होती। इनमें सबसे अधिक पुराने वाहन शामिल हैं क्योंकि नए वाहनों में आजकल एजेंसी संचालक ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाकर देते हैं। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 50/177 के तहत बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहन चलते पकड़े जाने पर चालक को 1000 रुपए का जुर्माना होता है।

जिले भर में अब भी बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के हजारों की तादाद से अधिक वाहन दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहनों में अभी तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लग सकी है। इसके पीछे विभाग की लापरवाही है या जागरूकता का अभाव है। जिस कारण हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने वाले वाहन चालक फीस तो जमा करवा देते हैं, मगर अपने वाहनों पर नंबर प्लेट लगवाने का उनके पास टाईम तक नहीं है। इस संबंध में इंचार्ज रमनदीप सिंह से जानकारी हासिल की जिस पर उन्होंने बताया कि लॉकडाऊन के समय से लेकर अब तक की नंबर प्लेटस बनी पड़ी हुई हैं परन्तु वाहन चालक लगवाने नहीं आ रहे हैं, जिससे उनके पास स्टॉक बढ़ता जा रहा है। 

निजी व सरकारी वाहन भी बिना एच.एस.आर.पी. के दौड़ रहे सडक़ो पर

वहीं निजी व सरकारी वाहन भी बिना एच.एस.आर.पी. के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के चालान का प्रावधान है लेकिन इसके बावजूद यह वाहन सरपट सडक़ों पर दौड़ रहे हैं। वहीं कई वाहन चालक अपने वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर इस प्रकार लिखवाते हैं कि वह पढऩे वाले की समझ में ही नहीं आते। ऐसे वाहन चालकों के भी पुलिस चालान भी करती है लेकिन इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालांकि पुलिस पूरी सख्ती के साथ लगी हुई है।
 
क्या है हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट?

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट में एक प्रकार से वाहन से संबंधित सभी जानकारी छिपी होती हैं। इस पर लगे होलोग्राम में यूनिक आई.डी. नंबर है, जो सभी वाहनों पर अलग-अलग होता है। होलोग्राम लगा वाहन कहीं भी सीसीटीवी कैमरे की नजर से गुजरेगा तो वाहन से संबंधित पूरी जानकारी उसमें कैद हो जाती है। सभी प्लेट पर लेजर कोड और एक होलोग्राम के कारण इसकी डुप्लीकेट रजिस्ट्रेंशन प्लेट भी तैयार नहीं की जा सकती। प्लेट पर विशेष प्रकट के नट-बोल्ट का इस्तेमाल किया जाता है। एक बार लगाने के बाद इसे खोला नहीं जा सकता। इसके लगने से वाहन के चोरी होने या किसी घटना को अंजाम देने वाले वाहनों को आसानी से पकड़ा जा सकता है।
 

Content Writer

Subhash Kapoor