किसान ने दी आग लगाकर खुदकुशी करने की धमकी, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 07, 2018 - 09:53 AM (IST)

निहाल सिंह वाला/बिलासपुर (बावा, जगसीर): धान की खरीद न होने पर पिछले कई दिनों से दाना मंडी निहाल सिंह वाला में फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे किसान ने अपने आपको आग लगाकर खुदकुशी करने की धमकी दी जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

गौरतलब है कि अभी कल ही किसान जत्थेबंदियों द्वारा धान की खरीद न होने पर पंजाब भर में 3 घंटे आवाजाही ठप्प की गई थी तथा किसानों को मंडियों में परेशान व उनकी लूट की सख्त निंदा की थी। किसानों ने आने वाले दिनों में तीव्र संघर्ष करने की धमकी भी दी थी। इसके बाद कल शाम को थाना निहाल सिंह वाला के गांव खाई के किसान सर्बजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपनी व अन्य किसानों की दास्तान सुनाई। उसने अपनी वीडियो में कहा कि वह कई दिन से दाना मंडी निहाल सिंह वाला में परेशान हो रहा है। उसका धान बिल्कुल सूखा है लेकिन उसके धान की खरीद करने से आनाकानी की जा रही है। किसान की धमकी के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया तथा तुरंत थाना निहाल सिंह वाला पुलिस पार्टी दाना मंडी पहुंच गई और उन्होंने पीड़ित किसान के धान की खरीद शुरू करवाई। इस संबंधी डी.एस.पी. सुबेग सिंह ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहे हैं।

‘खुदकुशी की घोषणा किसानों की दुर्दशा को कर रही बयान’
इस संबंधी भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेश महासचिव सुखदेव सिंह कोकरी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की दुर्दशा गांव खोटे के किसानों द्वारा खुदकुशी की घोषणा से जाहिर होती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकारें या प्रशासन किसानों के खुदकुशी की घोषणा के बाद ही उनकी फसल खरीदेंगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खुदकुशी का रास्ता छोड़कर संघर्ष के मैदान में आएं, क्योंकि खुदकुशी की घोषणा से एक किसान का मसला संभव है जबकि इसका पक्का हल संघर्ष ही है।

Vatika