फरीदकोट में विजिलेंस का Action! 80 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:07 PM (IST)

फरीदकोट(राजन): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर फरीदकोट में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) गुरबख्श सिंह को 80 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की फिरोजपुर रेंज की टीम ने सादिक स्थित एक ढाबे पर जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है।

विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, गांव घुगियाना निवासी लख्खा सिंह पुत्र दलौर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एक मुकद्दमा दर्ज था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त मुकद्दमे को रद्द करवाने और जांच में मदद करने के बदले ASI ने रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि आरोपी पहले ही 40 हजार रुपये ले चुका था, जबकि मुकद्दमा रद्द करवाने के लिए 80 हजार रुपये की और मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर रिश्वत मांगने संबंधी फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग कर विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दी। शिकायत और ऑडियो रिकॉर्डिंग की शुरुआती जांच के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को सादिक के एक ढाबे पर पैसे देने के लिए बुलाया गया। विजिलेंस टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में मौके पर निगरानी रखी।

जैसे ही लख्खा सिंह ने ASI को 80 हजार रुपये की रकम सौंपी, विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। विजिलेंस ब्यूरो के फिरोजपुर रेंज थाने में आरोपी ASI के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मुकद्दमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित रिश्वत के लेन-देन में किसी अन्य पुलिस कर्मचारी या बिचौलिए की भूमिका तो नहीं थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News