विजीलैंस ने नैशनल हाईवे में हुए करोड़ों के घोटाले की शुरू की जांच

punjabkesari.in Sunday, Jan 05, 2020 - 10:50 AM (IST)

मोगा(संजीव): विजीलैंस ब्यूरो द्वारा नैशनल हाईवे-71 में हुए 100 करोड़ रुपए से भी अधिक के घोटाले की जांच आरंभ कर दी गई है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय हाईवे को फोरलेन करने के लिए लैंड एक्वायर की थी और यह जगह भी ‘दी राइट टू फेयर कंपनसेशन एंड ट्रांसपेरैंसी इन लैंड इक्वेशन’ एक्ट के अधीन एक्वायर की है। मोगा जिले में यह लैंड तहसील धर्मकोट मोगा और निहाल सिंह वाला में एक्वायर की गई है। इसमें बहुत बड़ा घोटाला हुआ है, जोकि एक अंदाजे के मुताबिक 100 करोड़ के करीब हो सकता है।

जानकारी के अनुसार अब मोगा विजीलैंस ब्यूरो द्वारा ग्राम पंचायतों को मिले राशि में हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद की रैगुलर जांच भी विजीलैंस ब्यूरो लुधियाना को सौंप दी गई है। इसकी पुष्टि डी.एस.पी. विजीलैंस मोगा अश्विनी कुमार ने की है। खेती की जमीनों को आबादी की जमीन, आबादी क्षेत्र की नॉन कमर्शियल जमीन को कमर्शियल जमीन बताकर निर्धारित से ज्यादा राशि मुआवजे के रूप में दे दी गई है।

उल्लेखनीय है कि जालंधर-बरनाला नैशनल हाईवे-71 में मोगा के धर्मकोट सब डिवीजन और निहाल सिंह वाला सब डिवीजन में जमीन अधिग्रहण में बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद विजीलैंस ब्यूरो लुधियाना ई.ओ. विंग ने प्रारंभिक जांच की थी। प्रारंभिक जांच में हेराफेरी के कई अहम राज हाथ में आने के बाद डायरैक्टर विजीलैंस पंजाब ने विजिलैंस ब्यूरो लुधियाना ई.ओ. विंग को हाल ही में रैगुलर जांच करने को कहा है।

Edited By

Sunita sarangal