आम आदमी पार्टी के पूर्व MLA पर गिरी गाज, विजिलेंस ने जारी किया समन

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 03:05 PM (IST)

रूपनगर(विजय शर्मा): पंजाब विजिलेंस ने करोड़ों के जमीन मामले में आप के पूर्व विधायक को समन जारी किया है, जिसके बाद रूपनगर जिले में सियासी पारा चढ़ गया है।

पंजाब विजिलेंस विभाग की रूपनगर यूनिट ने करोड़ों के जमीन घोटाले में आप के पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ को 8 मई के लिए समन जारी किया है। बता दें कि वन विभाग की जमीन से जुड़ा एक मामला एफ.आई.आर. नंबर 69 दिनांक 28-6-2022 को पुलिस स्टेशन नूरपुरबेदी, जिला रूपनगर में धारा 420/465/467/468/471/120बी आईपीसी और धारा 7/7ए और धारा 13 भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 2018 के तहत दर्ज किया गया था। उसके बाद शुरुआती जांच के बाद इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था और अब इस मामले को फिर से खोल दिया गया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार वन निगम द्वारा जमीन खरीदने के लिए नूरपुरबेदी इलाके में लगभग 54 एकड़ जमीन हासिल करने के लिए टेंडर मंगाए गए थे। इस मामले में जमीन निगम को 9.9 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से बेची गई थी, जबकि उस गांव में सरकारी दर 90 हजार रुपये प्रति एकड़ थी। इतना ही नहीं इस जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में गैर-वन जमीन के तौर पर दिखाया गया था, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगा। यह जमीन तत्कालीन एस.जी.पी.सी. सदस्य दलजीत सिंह भिंडर और उनके भाई अमरिंदर सिंह भिंडर ने पेश की थी।

इस मामले में अमरजीत सिंह संदोआ के ससुर मोहन सिंह के नाम पर एक इनोवा कार खरीदी गई थी, लेकिन उस समय इस कार का इस्तेमाल पूर्व विधायक कर रहे थे, जिस का संबंध कथित तौर पर इस घोटाले से जुड़ा है। अब इस मामले में, विजिलेंस विभाग ने आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ को 8 मई, 2026 को सुबह 10 बजे रूपनगर स्थित विजिलेंस विभाग के मिनी सचिवालय कार्यालय में जांच में शामिल होने के लिए तलब किया है।

जब पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें विजिलेंस की ओर से जारी इन समन के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News