लुधियाना में किन्नरों के गुटों में खूनी संघर्ष, बीच सड़क चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 11:09 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के आत्म नगर और दाना मंडी इलाके में बधाई मांगने के वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। यह विवाद देखते ही देखते एक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की कार को बीच रास्ते रोककर न केवल जमकर मारपीट की, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दी। पीड़ित छोटी महंत की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छोटी महंत ने पुलिस को बताया कि 15 जून, को वह आत्म नगर इलाके में बधाई मांगने के लिए गए थे। वहां पहले से ही दूसरा गुट मौजूद था, जिसमें रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशिका, रूबी, रहमत, हिफाजत, दिलावर मरासी (ढोलकी मास्टर) और ड्राइवर शिव कुंवर शामिल थे। छोटी महंत ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दूसरे गुट को केवल यह सलाह दी थी कि वे उनके इलाके में बधाई मांगने के लिए न आया करें। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि थोड़ी देर बाद जब छोटी महंत अपनी ईको स्पोर्ट्स गाड़ी में वहां से निकल रहे थे, तो उक्त आरोपियों ने दाना मंडी फाटकों के पास उनकी गाड़ी को घेर लिया। 

हमलावरों को देखकर डर के कारण चालक और ढोलकी मास्टर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद आरोपियों ने छोटी महंत को जबरन गाड़ी से बाहर निकाला और धारदार हथियारों व लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही उन्हें दोबारा उस इलाके में न दिखने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने छोटी महंत के बयानों के आधार पर रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशिका, रूबी, रहमत, हिफाजत, दिलावर मरासी और शिव कुंवर के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News