Limca Book of Records: विरासत- ए- खालसा बना देश का नंबर वन म्यूजियम

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 06:22 PM (IST)

चंडीगढ़। पंजाब में खालसा पंथ की स्थापना की पवित्र धरती आनंदपुर साहिब में बना विरासत ए खालसा देश का पहले नंबर का म्यूजियम बन गया है । इसकी पुष्टि लिमका बुक आफ रिकार्ड में की गई है । इस म्यूजियम में राज्य की संस्कृति ,विरासत , पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के संरक्षण का भरसक प्रयास किया गया है। यही कारण है कि पंजाब दुनिया भर के पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। विश्वभर में पहचान बना चुका विरासत -ए -खालसा अब समूचे देश में पहले नंबर पर आ गया है। 

7 सात सालों में आए 97 लाख से ज्यादा पर्यटक....
यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या सात वर्षों में 97 लाख से ज्यादा हो चुकी है। खास बात यह है कि वर्ष 2018 में इसे सबसे अधिक पर्यटक देखने आए । इसीलिए लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड की तरफ से ‘विरासत -ए -खालसा' को देश का सबसे अधिक देखा जाने वाला म्यूजियम माना गया है। लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड के कार्यालय के अनुसार उन्होंने फरवरी महीने में आने वाले प्रकाशन में इसे छापने की पुष्टि कर दी गई है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू इसके लिये सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुबारकबाद भी दी। उन्होंने बताया कि विरासत-ए -खालसा की 27 गैलरियां हैं और इन गैलरियों में पंजाब के समृद्ध और गौरवमयी 550 वर्षों की विरासत को बखूबी पेश किया गया है।

 
 

Suraj Thakur