अध्यापकों को दो टूक चेतावनी! ड्यूटी से भागे या बंद किया फोन तो होगी कार्रवाई

punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 01:37 PM (IST)

लुधियाना (विक्की): राष्ट्रीय महत्व के अभियान जनगणना-2027 के दूसरे चरण (फेज-2) के काम को लेकर जिला प्रशासन ने अब बेहद सख्त तेवर अपना लिए हैं। आगामी एक दिसम्बर से शुरू होने वाली इस महत्वपूर्ण ड्यूटी को ज्वाइन करने में कुछ अध्यापकों व कर्मचारियों द्वारा अपनाई जा रही टालमटोल की नीति को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ड्यूटी के प्रति कर्मचारियों की इस बेरुखी और बहानेबाजी पर लगाम कसने के लिए एडीशनल डिप्टी कमिश्नर (आर.डी.)-कम-सैंसस चार्ज अफसर ने दो टूक चेतावनी जारी कर दी है। ए.डी.सी. ने साफ कर दिया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में किसी भी तरह की बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्यूटी से कतराने वालों पर अब सीधा कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

ए.डी.सी. ने जिला शिक्षा अफसर (सैकेंडरी), उप जिला शिक्षा अफसर (प्राइमरी) और सभी विभागों के प्रमुखों को एक सख्त पत्र भेजकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनगणना के तहत ड्यूटी के लिए नियुक्त हर कर्मचारी कानूनी तौर पर ये सेवाएं निभाने के लिए बाध्य है। पत्र में सख्त लहजे में कहा गया है कि यदि कोई भी अध्यापक या कर्मचारी जनगणना ड्यूटी करने से मना करता है, संपर्क से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद (स्विच ऑफ) रखता है या फिर तालमेल और सहयोग नहीं करता तो उसके खिलाफ जनगणना एक्ट के तहत सीधी कानूनी और सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी स्तर पर होने वाली देरी या लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी निजी तौर पर खुद जिम्मेदार होंगे।

1 दिसम्बर से 9 जनवरी तक फुल-डे रिलीव रहेंगे कर्मचारी

जनगणना के इस काम को तय समय में और बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए स्कूलों व विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी बतौर गिनतीकार, सुपरवाइजर और फील्ड ट्रेनर लगाई गई है। प्रशासन ने आदेश दिए हैं कि इन कर्मचारियों को 1 दिसम्बर 2026 से 9 जनवरी 2027 तक तय समय के लिए स्कूलों और विभागों की अन्य ड्यूटियों से तुरंत रिलीव किया जाए। निर्देशों में कहा गया है कि इन कर्मचारियों पर किसी भी दूसरे विभागीय काम का अतिरिक्त बोझ न डाला जाए और उन्हें पूरे दिन के लिए दफ्तरी ड्यूटी से रिलीव रखा जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News