सावधान! अगर आप भी दे रहे हैं व्हाट्स एप ग्रुप पर खरीदारी का ऑर्डर

punjabkesari.in Sunday, Feb 03, 2019 - 08:38 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): शातिर गिरोह ने ठगी का नया रास्ता ढूंढ लिया है। व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर उसमें लोगों के नंबर जोड़े जाते हैं और बाद में उन्हें ठगी का शिकार बनाया जाता है।

ग्रुप में ब्रांडेड कपड़ों के फोटोज अपलोड किए जाते हैं और उसके बाद ग्रुप मैंबर्स को बताया जाता है कि कंपनी की सेल के चलते इन कपड़ों को सस्ते में बेचा जा रहा है। लोग ब्रांडेड कपड़ों का इतना सस्ता प्राइज देखकर ठगों के झांसे में आ जाते हैं। कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्रुप मैंबर को बैंक अकाऊंट नंबर दिया जाता है और उस पर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा जाता है। जैसे ही कोई इन ठगों के अकाऊंट में पैसे ट्रांसफर कर देता है उसके तुरंत बाद उसका नंबर ब्लॉक पर लगा दिया जाता है।

शातिर गिरोह ने अलग-अलग फोन नंबर से बनाए हुए हैं सैंकड़ों ग्रुप
व्हाट्स एप पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह ने अलग-अलग फोन नंबरों से व्हाट्स एप ग्रुप बनाए हुए हैं और यह गिरोह पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सक्रिय है। व्हाट्स एप ग्रुप में सैटिंग चेंज की जाती है ताकि सिर्फ एडमिन ही ग्रुप में कुछ पोस्ट कर सके। इसके चलते अगर ग्रुप में किसी एक मैंबर के साथ ठगी होती है तो वह व्हाट्स एप सैटिंग के चलते ग्रुप में पोस्ट नहीं कर पाता। ठगी का शिकार हुए लोगों ने अब एक मुहिम छेड़ी और लोगों को सचेत करने के लिए एक ग्रुप बनाया है और उस ग्रुप में ऐसे व्हाट्स एप ग्रुप के नंबर,नाम और बैंक अकाऊंट दिए हैं जोकि लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। इस ग्रुप को फेसबुक पर भी खूब शेयर किया जा रहा है।

swetha