जब CM मान ने विधायक खैहरा को सुनाई खरी-खरी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 28, 2022 - 08:48 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को भी खरी-खरी सुना दी। विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खैहरा का काम हमेशा सरकार की नुक्ताचीनी करना है।

उन्होंने कहा कि अब सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों की तरफ विपक्षी नेताओं का ध्यान नहीं जाता है। उन्होंने खैहरा पर तंज कसते हुए कहा कि वह सरकार के अच्छे कामों को भी देख लिया करें। उन्होंने कहा कि नेताओं को इस भ्रम नहीं रहना चाहिए कि अगर वह टैलीविजन या सोशल मीडिया पर ज्यादा बोलते हैं तो जनता उन्हें पसंद करती है। पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्मशंकर जिम्पा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती थी कि पंजाब में विधानसभा सैशन न हो।

आज विधानसभा सत्र में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिम्पा ने कहा कि कांग्रेस तो खुद भाजपा के हाथों आप्रेशन लोटस का शिकार हो चुकी है तथा उसकी कई राज्यों में सरकारें भाजपा ने गिराई हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि खुद आप्रेशन लोटस का शिकार होने के बावजूद कांग्रेस ने पंजाब में अब विधानसभा सत्र के आयोजन में रोड़े अटकाए और राज्यपाल को पत्र लिखा। जिम्पा ने कांग्रेस द्वारा विधानसभा का वॉकआऊट किए जाने पर कहा कि कांग्रेस सच सुनना नहीं चाहती थी इसीलिए वह सत्र का आयोजन नहीं होने देना चाहती थी।

Content Writer

Vatika