अगर आप भी Instagram चलाते हैं तो एक झटके में हो सकते है कंगाल...

punjabkesari.in Thursday, Mar 03, 2022 - 10:31 AM (IST)

लुधियाना(बेरी): साइबर ठग हमेशा भोले-भाले लोगों को शिकार बनाने के लिए तैयार रहते हैं। ऐसे ही एक मामले में साइबर ठग ने इंस्टाग्राम पर एक विधवा महिला को झांसे में लिया। उससे दोस्ती कर शादी का झांसा देकर पार्सल भेजने और उसे छुड़ाने के नाम पर 10 लाख रुपए का चूना लगा दिया। महिला ने शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी। मामले की जांच करते हुए 7 महीने के बाद थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने 2 महिलाओं सहित 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

आरोपियों की पहचान नागालैंड के रिचर्ड मैक, मिस होवीकली अचहूमी और हरियाणा की खुशबू को नामजद किया गया है।पुलिस को दी शिकायत में अमनदीप कौर ने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। जून 2021 में इंस्टाग्राम पर उसकी बात एरिक जे मोया नामक युवक से हुई थी जोकि खुद को इंगलैंड निवासी बताता था। उसने उसे शादी करने का झांसा दिया था और उसके साथ व्हाट्सएप पर चैटिंग शुरू कर दी थी। जून के आखिरी सप्ताह में एरिक जे मोया ने कहा कि उसने उसके लिए एक पार्सल भेजा है जिसमें 25 हजार पाऊंड्स और गिफ्ट भेजे हैं। शिकायकर्त्ता के अनुसार 1 जुलाई को उसे एक महिला का फोन आया था। उसने खुद को कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि उसके नाम पर एक पार्सल आया है जिसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी देनी पड़ेगी। महिला ने उसके बताए अकाऊंट में अलग-अलग समय में कैश ट्रांसफर कर दिया था। पैसे देने के बाद उनकी डिमांड बढ़ती गई और आरोपियों ने ऐसा कर उससे 10 लाख रुपए ठग लिए थे। इसके बाद उसने शिकायत पुलिस को दी।

Content Writer

Vatika