42 लाख खर्च इंग्लैंड भेजी पत्नी ने बदले तेवर, दुखी पति ने बेगाने देश में ही...
punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 03:49 PM (IST)

बठिंडा (सुखविंदर): अपनी पत्नी को इंग्लैंड भेजने के लिए करीब 42 लाख रुपए खर्च करने वाले युवक ने पत्नी की धोखेबाजी से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने इस संबंध में उसकी पत्नी समेत 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मलकीत सिंह निवासी संदोहा ने मौड़ पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने बेटे तेजिंदर की शादी करीब 9 साल पहले मनजीत कौर पुत्री मघर सिंह के साथ की थी।
बाद में उसने मनजीत कौर पर 34 लाख रुपए खर्च कर उसे इंग्लैंड भेज दिया। उन्होंने अपने बेटे तेजिंदर सिंह को भी इंग्लैंड बुला लिया। इंग्लैंड जाने के बाद तेजिंदर सिंह को पता चला कि उसकी पत्नी का किसी अन्य युवक लवप्रीत सिंह के साथ प्रेम संबंध है। उन्होंने बताया कि तब तक वह उक्त लड़की पर 42 लाख रुपए खर्च कर चुके थे। अपनी पत्नी की बेवफाई से तंग आकर उनके बेटे ने हाल ही में इंग्लैंड में आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी करते हुए उसने कहा कि आत्महत्या के लिए उसकी पत्नी मनजीत कौर, उसका प्रेमी लवप्रीत सिंह, सूबा सिंह निवासी इंग्लैंड, गुरदेव कौर निवासी बिशनंदी, मंगल सिंह, जसबीर सिंह और अमृतपाल सिंह निवासी हीरो कलां जिम्मेदार हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here