प्रेम संबंधों में रुकावट बने पति का पत्नी ने दो आशिकों संग मिल किया कत्ल

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2020 - 02:08 PM (IST)

मलोट(जुनेजा, काठपाल): मलोट में एक महिला ने अपने नाजायज रिश्तों में रुकावट बने पति का दो आशिकों के साथ मिलकर कत्ल कर दिया। सिटी मलोट पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर उसकी पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंधी जानकारी देते एस.एच.ओ. करनदीप सिंह संधू ने पत्रकारों को बताया कि महेन्द्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी नजदीक बेरी वाला मंदिर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसका भाई शाम सिंह उर्फ शामा कलगीधर स्कूल के नजदीक अपनी पत्नी और 10-11 साल के बेटे के साथ रहता था, उसकी बेटी की विवाहित है। लेकिन उसकी पत्नी रेखा (40) के सुरिन्दर सिंह उर्फ छिन्दा पुत्र दलीप सिंह निवासी छाप्यांवाली और सन्दीप कुमार पुत्र मंगत राम निवासी मुक्तसर के साथ नाजायज रिश्ते थे। इनके चलते दोनों में अकसर लड़ाई झगड़ा होता रहता था।

कुछ दिन पहले भी रेखा ने अपने पति के सिर पर ईंट मार दी थी। महेन्द्र सिंह ने बताया कि कल रात उन्हें पता चला कि उसके भाई के घर झगड़ा हो रहा है। इसलिए वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी भाभी रेखा अपने पति के सिर के पास खड़ी थी और उसके हाथ में रस्सी थी जबकि छिन्दा और संन्दीप भाग गए थे। उसने देखा कि शाम सिंह की मौत हो चुकी थी। रेखा भी उसे देख कर भाग गई।

पुलिस ने महेन्द्र सिंह के बयानों पर रेखा पत्नी शाम सिंह शामा, सुरिन्दर सिंह छिन्दा और सन्दीप कुमार के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर दिया है। थाना प्रमुख का कहना है पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

Edited By

Sunita sarangal