इश्क में अंधी हुई पत्नी, आशिक के साथ मिलकर फंदे पर लटकाया पति

punjabkesari.in Friday, Nov 01, 2019 - 02:50 PM (IST)

लुधियाना: लुधियाना में पति-पत्नी के रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है जहां एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों को परवान चढ़ाने के लिए प्रेमिक के साथ मिलकर अपने 12 साल के बेटे के सामने पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के पास ही पेड़ से टांग दिया कि ऐसा लगे की पति ने सुसाइड किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

पेड़ से लटकाया शव देख लोगों के उड़े होश
जानकारी के अनुसार फिल्लौर सतलुज नदी के पास बने रेलवे फाटक के क्वार्टरों के पास सुबह लोगों ने पेड़ से एक व्यक्ति की लटकती लाश देखी। जिसके बाद उन्होंने जी.आर.पी तथा पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही जी.आर.पी. के एस.एच.ओ. बलबीर सिंह घुम्मन लुधियाना से तथा फिल्लौर थाने से एस.एच.ओ. सुक्खा सिंह घटनास्थल पर पहुंचे व जांच शुरू की। पुलिस की जांच में पता चला कि उक्त क्वार्टर रेलवे के एक कर्मचारी का है, जिसने दिहाड़ी पर काम करने वाले टूनी लाल को किराए पर दे रखा था। टूनी लाल पत्नी किरण व दो बेटों के साथ रहता था। उसकी एक बेटी भी थी जो शादीशुदा है। 

करवाचौथ वाले दिन आशिक के साथ घर से हो गई थी फरार 
बताया जाता है कि किरण के संबंध फिल्लौर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले युवक रवि के साथ बन गए जिसका पता चलने पर उसके घर में अक्सर क्लेश रहता था। करवाचौथ वाले दिन टूनी लाल की पत्नी घर से कैश, जेवर व मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गई। पता चलने पर टूनी लाल ने फिल्लौर पुलिस को शिकायत दी। अगले दिन वीरवार सुबह टूनी लाल का शव पेड़ से लटकता मिला तो पुलिस को पहले मामला सुसाइड का लगा पर जैसे ही मृतक का बेटा विकास पुलिस के पास पहुंचा तो सारी कहानी बदल गई। 

बेटे ने बताई सारी घटना
विकास ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात को टूनी लाल शराब पीकर घर आया था। थोड़ी देर बाद रवि, किरण और कुछ अन्य लोग आए और टूनी लाल से लडऩे लगे। वह उसे पीटते हुए बाहर ले गए और गला घोंट कर उसका शव पेड़ से लटका दिया। विकास का कहना था कि वह यह सब देख कर डर गया और मौके से भाग गया। सुबह सारी घटना पुलिस और रिश्तेदारों को बताई। पुलिस ने किरण, रवि व चार अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है। 

Vaneet