अकाली कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न सहन नहीं करेंगे: सुखबीर

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 03:26 AM (IST)

अमृतसर: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का ‘‘उत्पीडऩ सहन नहीं’’ करेंगी और पंजाब की ‘‘अहंकारी’’ कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। सुखबीर ने यहां पार्टी के 97वें स्थापना दिवस पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमृतसर में एक पार्टी कार्यालय स्थापित किया जाएगा। 

पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल, शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लोंगोवाल, अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह और शिअद के वरिष्ठ नेताओं ने भी लोगों को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि अन्याय के खिलाफ लडऩे के लिए पार्टी का गठन किया गया था और यह इसी मार्ग पर चलती रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने हमेशा निजी स्वतंत्रता की रक्षा की है और आगे भी ऐसा करना जारी रखेंगे।’’ 

सुखबीर ने कहा कि पार्टी ने अपने राज्य की राजधानी, पंजाबी भाषी क्षेत्रों और नदी के पानी के लिए लडाई लड़ी है। इसके बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं इस अभिमानी कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व करूंगा। मैं राज्य सरकार को चेतावनी देता हूं कि हम किसी भी अकाली कार्यकर्ता का उत्पीडऩ सहन नहीं करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि अपने कार्यकर्ताओं के बलिदान के कारण ही पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में हवाई अड्डों, बांध, थर्मल संयंत्रों या चार लेन सड़कों का आप जो विकास देख रहे है यह सब कुछ उनकी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ था।’’  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News