Punjab में महिला AAP नेता गिरफ्तार, भेजा एक दिन के पुलिस रिमांड पर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 12:44 AM (IST)

गोराया (मुनीश) – ब्लॉक समिति रुड़का कलां में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव 10 मार्च को होने जा रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की ढंडा जोन से ब्लॉक समिति सदस्य सुनीता रानी के खिलाफ थाना गोराया में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उनका एक दिन का रिमांड भी हासिल किया है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को होने वाले ब्लॉक रुड़का कलां के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव में सुनीता रानी की गैरहाजिरी की संभावना बन गई है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को सार्वजनिक नहीं किया गया है और पुलिस अधिकारी इस मामले में खुलकर कोई जानकारी देने से बच रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ब्लॉक रुड़का कलां में कुल 15 ब्लॉक समिति सदस्य जीतकर आए हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के 3, कांग्रेस के 2, बहुजन समाज पार्टी के 2, शिरोमणि अकाली दल के 4 और 4 स्वतंत्र उम्मीदवार शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि ब्लॉक रुड़का कलां की चेयरपर्सन की सीट एससी महिला के लिए और वाइस चेयरमैन की सीट भी महिला के लिए आरक्षित है। 15 में से कुल 3 एससी महिला उम्मीदवार जीतकर आई हैं, जिनमें दो आम आदमी पार्टी और एक स्वतंत्र उम्मीदवार शामिल है।

इनमें ढंडा जोन से आम आदमी पार्टी की सुनीता रानी, विरका जोन से आम आदमी पार्टी की वीना कुमारी और रुड़का कलां जोन से स्वतंत्र उम्मीदवार रिंकी रानी शामिल हैं। साफ है कि इन्हीं तीनों में से किसी एक को ब्लॉक रुड़का कलां का चेयरपर्सन चुना जाना है। लेकिन चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी की सरकार में ही पार्टी की ब्लॉक समिति सदस्य पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर एक दिन का रिमांड लिया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन इसे घरेलू विवाद बता रहा है और कहा जा रहा है कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News